योगी बोले- हम तो यही कहते हैं कि जो हमारा है, हमें मिल जाना चाहिए
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज विधान सभा में कहा कि हमने यही कहा है कि जो हमारा है, वह हमें मिल जाना चाहिए। हम इससे इतर कहीं नहीं जा रहे हैं। सच कड़वा होता है और कड़वे सच को स्वीकार करने का सामर्थ्य भी होना चाहिए।

-आज की सपा न डॉ, लोहिया के बताए आचरण के अनुरूप कार्य कर रही है और न ही उनके आदर्शों पर चल रही है
-राम, कृष्ण और शंकर जैसे देव महापुरुषों पर समाजवादी पार्टी का कोई विश्वास नहीं, हमेशा आस्था के साथ खिलवाड़
-सीएम योगी ने 2027 चुनावों की भी की भविष्यवाणी, कहा- इसी आचरण के कारण 2027 में भी झेलनी होगी करारी हार
उन्होंने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी डॉ राम मनोहर लोहिया का नाम तो लेती है, लेकिन वह उनके मूल्यों और आदर्शों से दूर जा चुकी है। आज की समाजवादी पार्टी न डॉ लोहिया के बताए आचरण के अनुरूप कार्य कर रही है और न ही उनके बताए आदर्शों पर चल रही है।
उन्होंने उपचुनावों पर समाजवादी पार्टी के आरोपों पर भी करारा जवाब देते हुए कहा कि दूसरों को उपदेश देने के बजाए स्वयं इन बातों को अपने आचरण में उतारा होता तो संभवतः इतनी करारी हार नहीं होती और 2027 में होने वाली करारी हार झेलने के लिए मजबूर न होना पड़ता।
राम,-कृष्ण और शंकर पर सपा को कोई विश्वास नहीं
नेता प्रतिपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए सीएम योगी ने कहा कि मुझे अच्छा लगा कि नेता प्रतिपक्ष ने आज अपनी बात को बड़े दार्शनिक अंदाज में सदन में रखा। उन्होंने डॉ राम मनोहर लोहिया के एक अनुयायी के रूप में अपनी बात को रखने का प्रयास किया, लेकिन वह स्वयं इसका आचरण कर पाते हैं या नहीं, यह उन्हें स्वयं ही देखना चाहिए था।
सीएम ने कहा कि आज की समाजवादी पार्टी डॉ. लोहिया का नाम तो लेती है, लेकिन उनके मूल्यों और आदर्शों से दूर जा चुकी है। डॉक्टर लोहिया ने कहा था कि एक सच्चा समाजवादी वह है जो संपत्ति और संतति से दूर रहे। यह तो आपकी पार्टी के आचरण से देख सकते हैं। आदर्श के रूप में उन्होंने भारत के लिए कहा था कि राम, कृष्ण और शंकर यह जब तक भारत के तीन आदर्श हैं तब तक भारत का कोई बाल बांका नहीं कर सकता है। भारत की जनता जब तक इन तीन देव महापुरुषों को अपना आदर्श मानेगी तब तक भारत, भारत बना रहेगा। इन तीनों देव महापुरुषों पर समाजवादी पार्टी का कोई विश्वास नहीं है, क्योंकि आप लोग भारत की आस्था के साथ खिलवाड़ करते हैं।
बताइए हम कहां से साम्प्रदायिक हैं- योगी
सीएम योगी ने अपने हमले जारी रखते हुए कहा कि आप कहते हैं कि हमारी सोच सांप्रदायिक है, आप मुझे बताइए कि हमारी सोच कहां से सांप्रदायिक है। हम तो सबका साथ, सबके विकास की बात करते हैं। हमारा तो आदर्श है सर्वे भवंतु सुखिनः, सर्वे संतु निरामया। इसका सबसे आदर्श उदाहरण आपके सामने है महाकुम्भ। 45 दिन के इस आयोजन ने भारत की विरासत और विकास की एक अनुपम छाप न केवल भारत में, बल्कि दुनिया के सामने प्रस्तुत की है।
कुम्भ में किसी से भेदभाव हुआ क्या
मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या उसमें किसी के साथ कोई भेदभाव हुआ है। न जाति का भेद, ना क्षेत्र का भेद, ना मत और मजहब का भेद था। 100 से अधिक देशों के लोग बड़ी श्रद्धा भाव के साथ आए। जो भी विकास और विरासत की इस अनुपम छटा का सहभागी बना वह अभिभूत होकर गया। एक पक्ष यह है जो आपके सामने उदाहरण के रूप में है।
ब्रेक थ्रू राज्य बन चुका है यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य से उबर चुका है। अब ‘स्पीड ब्रेकर’ नहीं ‘ब्रेक-थ्रू’ बन चुका है उत्तर प्रदेश। राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले पिछले आठ वर्ष में डबल इंजन की सरकार ने यूपी को ट्रांसफॉर्म किया है। यूपी अब देश की अर्थव्यवस्था में ब्रेक-थ्रू की पहचान बना रहा है। यही नहीं, प्रदेश औद्योगिक विकास के नए दौर का अनुभव कर रहा है। रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म का मंत्र साकार हो रहा है।
15 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतारे
सीएम योगी ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि 900 करोड़ रुपए की लागत से फर्रुखाबाद को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ा जा रहा है। यूपी 33 सेक्टोरल पॉलिसी लागू करते हुए सिंगल विंडो पोर्टल निवेश सारथी प्रभावी रूप से कार्य कर रहा है। प्रदेश में कुल 45 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिसमें से 15 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों को अब तक धरातल पर उतारा जा चुका है।
वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया अब अतीत की बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में पहले माफिया पुलिस को दौड़ाता था पुलिस माफिया को सैल्यूट करती थी। कानून-व्यवस्था के मामले में प्रदेश ने अपना परसेप्शन बदला है। अब पुलिस माफिया को दौड़ा रही है। कानून व्यवस्था सुधरने की वजह से ही आज उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा निवेश क्षेत्र बनकर उभरा है। पिछले आठ वर्षों में जो सुरक्षा का वातावरण पैदा हुआ है, वह सरकार के सतत प्रयासों का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया का कालखंड अब अतीत की बात हो चली है।
सीएम विवेकाधीन कोष से 1215 करोड़ की मदद दी
सीएम योगी ने बताया कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पिछले आठ वर्ष में लगभग 60 हजार से अधिक जरूरतमंदों को 1215 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई। यूपी सबसे अधिक आयुष्मान भारत का गोल्डन कार्ड देने वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि बलिया और बलरामपुर में जल्द मेडिकल कॉलेज का निर्माण होगा जबकि सपा के लोग बलिया की उपेक्षा करते थे।
लखनऊ में चौधरी चरण सिंह सीड पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लखनऊ में चौधरी चरण सिंह के सम्मान में सीड पार्क की स्थापना करने जा रहे हैं। हमने अपना पहला बजट किसानों की कर्जमाफी से प्रारंभ किया था। सरकार द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सीडलिंग का उत्पादन कराया जा रहा है, जिससे लगभग 60 हजार महिलाओं को रोजगार मिला है। सरकार कृषि विभाग की स्थापना के 150 वर्ष को बीज वर्ष के रूप में मनाएगी। प्रदेश की सभी कृषि मण्डियों में माता शबरी के नाम पर कैण्टीन और विश्रामालय स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गोमाता को सड़कों पर घूमने नहीं देंगे।
अंसल ग्रुप सपा की उपज, धोखा किया तो प्रापर्टी जब्त कर लेंगे
सीएम योगी ने कहा कि अंसल ग्रुप के दोषियों को हम पाताल से भी खोजकर लाएंगे। अंसल ग्रुप सपा के भ्रष्टाचार का ही नमूना है और यह सपा की ही उपज है। सपा के समय ही अंसल की अवैध मांगों को पूरा किया गया। सपा सरकार ने अंसल की सीमा को बढ़ाया था। अंसल ग्रुप ने एक भी होम बायर के साथ धोखा किया तो उसकी सारी संपत्ति जब्त कर लेंगे बोले सीएम- निवेशकों एवं होम बायर्स के साथ धोखा किया गया। यह सारे काम समाजवादी पार्टी के समय में हुआ था
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अंसल की सीमा को घटाया। हमारी सरकार ने अंसल पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अंसल ग्रुप पर एफआईआर का आदेश दे दिया गया है। हमारी सरकार सबको यह गारंटी देगी कि प्रत्येक बायर्स को उनका पैसा वापस मिल जाए।