कचोरा घाट पुल से महिला ने यमुना में लगाई छलांग, कल कूदे किशोर का शव अभी तक नहीं मिला

बाह। थाना चित्राहाट क्षेत्र के अंतर्गत स्थित कचोरा घाट के पुल से बीते कल यमुना में छलांग लगाने वाले किशोर का अभी शव मिल भी नहीं पाया था कि आज इसी पुल से एक महिला ने भी यमुना में कूद कर अपनी जान दे दी।

Oct 7, 2024 - 18:53
 0  59
कचोरा घाट पुल से महिला ने यमुना में लगाई छलांग, कल कूदे किशोर का शव अभी तक नहीं मिला
चित्राहट क्षेत्र में इसी कचोरा घाट पुल से सोमवार को एक महिला यमुना में कूदी। पुलिस अधिकारी और ग्रामीण सर्च ऑपरेशन देखते हुए।

एसडीआरएफ की टीम महिला को खोजने में जुटी हुई है लेकिन घंटों बाद भी उसे खोजा नहीं जा सका था। 

पिछले एक सप्ताह के भीतर कचोरा घाट पुल से यमुना में छलांग लगाकर आत्महत्या करने की यह तीसरी घटना है। सप्ताह भर पहले इटावा जिले की साइड में एक युवक ने इसी पुल से यमुना में छलांग लगा दी थी जिसका शव दो दिन बाद बरामद हुआ था।

बीते कल एक किशोर के यमुना में कूदने की खबर के बाद पुलि ने घंटा सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन किशोर का शव बरामद नहीं किया जा सका। 

कल कूदे किशोर की आज भी तलाश की जा रही थी कि अचानक सूचना मिली कि कचोरा घाट पुल से एक महिला यमुना में कूद गई है। सर्च ऑपरेशन में जुटी टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और महिला की तलाश शुरू कर दी, लेकिन शाम 7:00 बजे तक महिला का कोई पता नहीं लग सका था।

जानकारी के अनुसार यमुना में छलांग लगाने वाली रेखा 25 वर्ष पत्नी अमित कुमार निवासी गांव कचोरा घाट है। कुछ लोगों ने इस महिला को यमुना में कूदते देखा तो शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से  सर्च अभियान चलाया। मगर कोई सफलता हाथ नहीं लगी। 

इसके बाद आगरा से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई और टीम ने अपनी मोटर बोट यमुना नदी में डालकर महिला की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक यमुना नदी में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम सर्च अभियान चलाती रही मगर महिला का कोई अता-पता नहीं चल सका।

परिजनों के मुताबिक रेखा की शादी 5 वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। अचानक हुई घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।  महिला द्वारा यमुना नदी में कूदने का फिलहाल कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

थाना प्रभारी चित्राहाट रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि  एसडीआरएफ की टीम द्वारा महिला की तलाश जारी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor