राजा अरिदमन सिंह ने क्यों कहा- कोई सरकार पानी बना नहीं सकती

पूर्व मंत्री राजा अरिदमन सिंह आगरा में पानी की गंभीर समस्या को लेकर निरंतर चिंता जताते रहे हैं। उन्हें इस समय पीड़ा इस बात की है कि इस मानसून में ज्यादा बारिश होने के बावजूद प्रशासन जल संचय नहीं कर सका।

Sep 30, 2024 - 13:13
 0  150
राजा अरिदमन सिंह ने क्यों कहा- कोई सरकार पानी बना नहीं सकती

इस बार ज्यादा बारिश के बावजूद व्यर्थ बह गया करोड़ों लीटर पानी

आगरा। पूर्व मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह बहुत व्यथित हैं। उनकी व्यथा यह है कि विगत वर्षों के मुकाबले आगरा में इस वर्ष लगभग 60 प्रतिशत अधिक बारिश हुई, लेकिन हम लोग इसका पूरा फायदा नहीं उठा पाए। इस बार भी करोड़ों लीटर पानी व्यर्थ ही बह गया।

राजा अरिदमन सिंह विगत एक दशक से आगरा जनपद में जल की पर्याप्त उपलब्धता के लिए गंभीर चिंतन और अनथक प्रयास कर रहे हैं। वे बराबर प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कर रहे हैं कि वर्षा जल संचयन के ठोस उपाय किए जाएं।

भदावर हाउस से जारी प्रेस विज्ञप्ति में राजा अरिदमन सिंह ने कहा कि इस बार तो मानसून समाप्ति की ओर है लेकिन वर्षा अभी से जल संचयन के उपायों पर ध्यान दिया जाए तो अगले मानसून सीजन में वर्षा जल का समुचित भंडारण किया जा सकेगा। परिणाम स्वरूप किसानों को सिंचाई के साथ सबको पेयजल की उपलब्धता भी निरंतर होती रहेगी।

रेनवाटर हार्वेस्टिंग पर जोर दे एडीए

राजा अरिदमन सिंह ने कहा है कि नोएडा व ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर आगरा सहित प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों को किसी भी मल्टीस्टोरी या मकान का नक्शा पास करते वक्त उसमें रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था को सुनिश्चित करना चाहिए और बिल्डिंग पूरी होने का प्रमाण पत्र तभी जारी करना चाहिए जब रेनवाटर हार्वेस्टिंग का इंतजाम वहाँ किया जा चुका हो। जब वह कैबिनेट मंत्री थे तब उनके कार्यकाल में इस संबंध में नियम बन गया था लेकिन अब प्रशासन की ढिलाई के कारण इस पर अमल नहीं हो रहा। 

रूफटॉप पर हों रेनवाटर रीचार्जिंग सिस्टम

राजा अरिदमन सिंह का कहना है कि शहरों में तो रूफटॉप पर रेनवाटर रीचार्जिंग सिस्टम लगाया जा सकता है। यह आसानी से लग जाता है। इसमें कोई तकनीकी समस्या नहीं है। कई आर्किटेक्ट यह काम करते हैं। नगर निगम के अंतर्गत अधिकृत कॉलोनियों में आर्किटेक्ट्स का पैनल बनाकर ऐसी व्यवस्था की जानी चाहिए कि जागरूक और इच्छुक लोग उनसे संपर्क करके अपने घरों में रेन वाटर रीचार्जिंग सिस्टम लगवा सकें।


उन्होंने बताया कि आगरा में सीडीओ ए. मणिकंडन ने प्राइमरी और सरकारी सेकेंडरी स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का प्रबंध करवाया था किंतु अब उस सिस्टम में कई जगह से पाइप टूट गए हैं। इनकी मरम्मत करना आवश्यक है। साथ ही शेष स्कूलों में भी रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाना जरूरी है।

तालाबों को दें नया जीवन

राजा अरिदमन सिंह ने बताया कि उनके द्वारा आरटीआई से निकाली गई जानकारी के अनुसार आगरा जनपद के सभी ब्लॉकों में 2825 ऐसे तालाब और पोखर हैं जिन पर कोई कब्जा नहीं है। इन्हें प्रशासन द्वारा शीघ्र से शीघ्र पुनर्जीवित किया जाना चाहिए। वे इस संबंध में कई बार सीडीओ और जिलाधिकारी को इनकी सूची प्रदान कर कह चुके हैं लेकिन अभी तक इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

धन का करें शीघ्र सदुपयोग

राजा अरिदमन सिंह ने कहा कि 14वें और 15वें वित्त आयोग के साथ ही अमृत सरोवर के लिए आने वाले सरकारी धन का सही, सार्थक और शीघ्र सदुपयोग प्रशासन द्वारा किया जाना चाहिए ताकि निरंतर नीचे जाता भूगर्भ जलस्तर ऊपर आ सके। 

जागें!  व्हाइट श्रेणी के ब्लॉक हुए ब्लैक

पूर्व मंत्री ने बताया कि उनके कार्यकाल में राजा रिपुदमन सिंह चंबल डाल परियोजना के चलते बाह, जैतपुर और पिनाहट के ब्लॉक लंबे समय तक व्हाइट श्रेणी में रहे लेकिन अधिक जल निकासी के चलते अधिकांश ब्लॉक डार्क श्रेणी में चले गए हैं। अतः शासन-प्रशासन को युद्ध स्तर पर कार्य करने की जरूरत है। पानी मूलभूत आवश्यकता है। कोई भी सरकार पानी नहीं बना सकती। इसके लिए हम सबको जागना होगा। पानी की बर्बादी रोकनी होगी और जल संचय करना होगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor