आगरा में कुंभ से लौटती कार ट्रोला ने रौंदी, दंपति मृत, चार घायल

आगरा। थाना चित्राहाट के अंतर्गत शाहपुर ब्राह्मण गांव के नजदीक आज एक ट्रोला और कार के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक दंपति की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे का शिकार हुई कार में सवार लोग कुंभ से स्नान कर वापस लौट रहे थे।

Feb 10, 2025 - 20:27
 0
आगरा में कुंभ से लौटती कार ट्रोला ने रौंदी, दंपति मृत, चार घायल
चित्राहाट थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए हादसे में मृत दंपति महेंद्र प्रताप और भाग्यश्री के फाइल फोटो। दूसरे चित्र में हादसे में क्षतिग्रस्त कार और सड़क पर पड़े घायल।

हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। उसमें फंसे लोगों को गांव वालों ने कार की बॊडी काटकर बाहर निकाला। घटनास्थल का दृश्य बहुत ह्रदय विदारक था। बुरी तरह घायल लोग लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े हुए थे। 

हादसे में मृत दंपति महेंद्र प्रताप (42 वर्ष) निवासी ग्राम रसूलापुर, थाना फतेहाबाद और उनकी पत्नी 40 वर्षीया भाग्यश्री उर्फ भूरीदेवी है। घायलों में मृत महेंद्र प्रताप की 60 वर्षीय मां, 40 वर्षीय सेवाराम और उसकी पत्नी पिंकी देवी तथा महेंद्र प्रताप के यहां काम करने वाली रेखा देवी शामिल है।

ये सभी लोग अपनी मारुति बलीनो कार से महाकुम्भ में स्नान करने के लिए गए हुए थे। वहां से लौटते समय चित्राहाट थाना क्षेत्र में शाहपुर ब्राह्मण गांव के पास इनकी कार को एक ट्रोला ने रौंद दिया।

कार में सवार सभी छह लोग बुरी तरह घायल हुए थे। पुलिस इन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां पति महेंद्र प्रताप और उनकी पत्नी भाग्यश्री को डॊक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। ट्रोला चालक को मौके पर मौजूद गांववासियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

SP_Singh AURGURU Editor