झारखंड के तीन ही दुश्मन हैं- जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी- मोदी

जमशेदपुर। विधानसभा चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने आज यहां परिवर्तन महारैली को संबोधित किया और विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड के तीन दुश्मन हैं, जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी।

Sep 15, 2024 - 14:22
 0  0
झारखंड के तीन ही दुश्मन हैं- जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी- मोदी

राजद तो अलग झारखंड बनने के बाद से ही बदला ले रही है। वहीं कांग्रेस को झारखंड से नफरत है। इतने साल सत्ता में रहने के बाद भी कांग्रेस ने झारखंड के विकास के लिए कुछ नहीं किया। पीएम ने ये भी कहा कि अगर आप प्रदेश का विकास चाहते हैं तो बीजेपी को मौका दीजिए।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने रांची एयरपोर्ट से छह वंदेभारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी ने ऑनलाइन सात बड़ी रेल योजना की शुरुआत भी की। वहीं जमशेदपुर में दो करोड़ पक्के मकानों का भी आवंटन आनलाइन किया गया। पहले ये सभी कार्यक्रमों की शुरुआत पीएम मोदी खुद टाटानगर रेलवे स्टेशन से करने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद सड़क मार्ग से जमशेदपुर पहुंचे।

पीएम ने कहा कि यहां पेपर लीक करने वालों को शह दी जा रही है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली सरकार को हमें हटाना ही होगा। गरीबों को झांसा देने के लिए पेट्रोल-डीजल देने की योजना चलाई, लेकिन उसे भी दो  महीने में बंद कर दिया गया। अब महिलाओं को पैसा देने के नाम पर ठगने का काम कर रहे हैं। चुनाव से पहले बरगला रहे हैं। वादे करना और उसे पूरा करना ये केवल बीजेपी ही करती है।

सभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि जेएमएम ने एक ही काम किया भ्रष्टाचार। जल-जंगल-जमीन सब लूटा है। उनके सांसद के घर से नोटों के पहाड़ मिलते हैं। टीवी में महीनों तक नोटों के पहाड़ दिखाए जाते थे। ये नकली नोट नहीं थे, ये आपकी मेहनत की कमाई थी। आपका पैसा था। ये भ्रष्टाचार करने वाले, झारखंड के खजाने को लूटने वालों की पाई-पाई का हिसाब करना हम सब की जिम्मेदारी है। मुझे आपका साथ चाहिए।

पीएम ने कहा कि झारखंड का निर्माण बड़े सपनों के लिए हुआ था, लेकिन ये सारे सपने भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए। आप जानते हैं इस देश की सबसे बईमान पार्टी और परिवार एक ही है। कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस परिवार। भ्रष्टाचार की सारी धाराएं वहीं से निकलती हैं। जेएमएम वाले भी वहीं से ट्रेनिंग लेते हैं। ये सभी कांग्रेस स्कूल ऑफ करप्शन से आए हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow