कहानियों तक सिमटकर रह गई टेसू-झेँझी विवाह की परंपरा

इटावा। भरथना नगर में रावण के पुतलों के साथ ही मिट्टी के सिर वाले छोटे-छोटे पुतले भी बिक रहे थे। बच्चों के मन में उत्सुकता हुई तो दुकानदारों से इन पुतलों के बारे में पूछा। इस पर जवाब मिला कि इन्हें टेसू कहते हैं। इनकी पूजा की जाती है। इस दौरान कम कीमत होने के कारण कई बच्चे इन्हें खरीदकर ले गए। उनमें से अधिकतर लोगों को इसके इतिहास के बारे में जानकारी नहीं थी।

Oct 13, 2024 - 18:34
 0  16
कहानियों तक सिमटकर रह गई टेसू-झेँझी विवाह की परंपरा

हिंदी लोक साहित्य में रुचि रखने वाली नगर की शिक्षिका पूजा तोमर ने बताया कि नवरात्र के अंतिम दिन से लेकर शरद पूर्णिमा तक टेसू की पूजा की जाती है। शरद पूर्णिमा के दिन टेसू और झेंझीं का विवाह होता है। नवरात्र के अंतिम दिन से छोटे लड़के तीन खपच्चियों पर टेसू का शीश सा बनाकर टोलियों में घर-घर घूमकर पैसे मांगते हैं। छोटी लड़कियां छेदों वाली छोटी मटकी में दीपक जलाकार टेसू की पत्नी झेँझी के नाम पर पैसे मांगती हैं। टेसू-झेंझी के गीतों में बेसिर-पैर की तुकबंदी होती है।

शरद पूर्णिमा की रात को जमा किए गए धन से टेसू की बरात निकाली जाती है। उधर लड़कियां भी जमा किए गए धन से झेंझी के विवाह की तैयारी करती हैं। किसी सार्वजनिक स्थान पर धूमधाम से टेसू और झेंझीं का विवाह कर दिया जाता है। उसके बाद उनका विसर्जन कर दिया जाता है। नगर में टेसू और झेंझीं पुतले बेचने वाले बाबू कुमार ने बताया कि टेसू की कीमत 100 रुपए से शुरू होती है। अधिकतर लोग बच्चों के लिए इन्हें खिलौने के रूप में खरीदते हैं। हालांकि कुछ घरों में अब भी पारंपरिक रूप से टेसू पूजन किया जाता है।


स्टेशन रोड निवासी कुर्बान ने बताया कि उन्हें इसका नाम पता है,लेकिन इसके पीछे की पूरी कहानी के बारे में जानकारी नहीं है। वहीं, विशम्भर कॉलोनी निवासी बृजेश तिवारी उर्फ सोनू ने बताया कि बच्चों के लिए यह छोटा पुतला आकर्षण का केंद्र है। इसे देखा तो है पर इसके बारे में जानकारी नहीं है।

महाभारत से है जुुड़ाव 

टेसू का नाता महाभारत काल से है। कहा जाता है कि टेसू जिनका वास्तविक नाम बर्बरीक था। वे परमवीर और महादानी थे। उन्होंने अपनी मां को वचन दिया था कि महाभारत में जिसकी सेना हार रही होगी,वह उसकी ओर से युद्ध लड़ेंगे। भगवान श्रीकृष्ण को पता था कि अगर बर्बरीक कौरवों की तरफ से युद्ध लड़ेंगे तो वह एक दिन में ही महाभारत युद्ध समाप्त कर देंगे। और पांडवों की हार होगी। इसलिए उन्होंने बर्बरीक से उनका सिर मांग लिया। बर्बरीक ने सिर भगवान को अर्पित कर दिया,लेकिन उन्होंने महाभारत का युद्ध देखने की इच्छा जाहिर की। इस पर बर्बरीक के सिर को तीन डंडियों के सहारे पर्वत पर रख दिया,जहां से उन्होंने पूरा महाभारत का पूरा युद्ध देखा। भगवान कृष्ण ने उन्हें वरदान दिया कि कलयुग में खाटू श्याम के नाम से उनकी पूजा की जाएगी। और हर साल टेसू की शादी समारोह सम्पन्न हुआ करेंगे।

- मसूद तैमूरी 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor