कार और बाइक रैली में आगरा से चंबल तक दिखा रफ्तार का रोमांच
आगरा। ताज महोत्सव के अंतर्गत आज सुबह शुरू हुई द आगरा ताज कार एंड बाइक रैली इस समय दुर्गम रास्तों को नापा। बाह−फतेहाबाद और चंबल के बीहड़ों में रफ्तार का सफर देख लोग जहां थे, बस वहीं ठहर गए। एक के बाद एक मुश्किल राह की अड़चनें पार करते दर्जनों मोटर साइकिल और कारों के चालकों में तय समय में तय दूरी को तय मानक से पूरा करने का जुनून दिख रहा था। धूल और कीचड़ से भरे रास्तों और पुलों को पार कर गंतव्य तक पहुंचे प्रतिभागियों का हौसला देखते ही बन रहा था।

− ताज महोत्सव के अंतर्गत आठवीं रैली आज अलसुबह हुई थी रवाना, आयोजन का प्रथम चरण आज हो गया पूर्ण
− द आगरा ताज कार एंड बाइक रैली का रविवार शाम होगा समापन, रविवार सुबह मलपुरा से रवाना होंगे सभी वाहन
ताज महोत्सव के अंतर्गत द आगरा ताज कार एंड बाइक रैली को होटल क्लार्क्स शिराज से मुख्य अतिथि ब्रिग्रेडियर नवीन कुमार, लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित शर्मा, संरक्षक हरविजय वाहिया, चैयरमेन राम मोहन कपूर, डॉ रंजना बंसल, अनिल शर्मा, रीनेश मित्तल ने झंडी दिखाकर फतेहाबाद− बाह क्षेत्र के लिए रवाना किया। मोटर स्पोर्ट क्लब आफ आगरा ने उप्र पर्यटन विभाग के सहयोग से आठवीं बार रैली का आयोजन किया।
प्रतिभागियों को देख रोमांचित हो उठे सभी
अल सुबह अपने पूरे गियर्स पहनकर पहुंचे प्रतिभागियों को देख जनसमुदाय में रोमांच स्वतः ही दौड़ने लगा। 75 बाइकों और 50 कारों में सवार 125 प्रतिभागियों और नेविगेटर्स को रैली संयोजक सुदेव बरार ने रोड बुक प्रदान की और सहयोगी नेविगेटर्स को नियम पुनः बताए। जैसे ही सुबह के 7:30 बजे, रैली की पहली टुकड़ी को रवाना कर दिया गया।
रैली में प्रतिभाग करने आए उत्तर प्रदेश सहित महाराष्ट्र, दक्षिण भारत, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों के प्रतिभागियों का साथ आगरा के राइडर्स ने भी दिया।
देश की प्रसिद्ध वाहन रैली हो चुकी है आगरा रैली
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर नवीन कुमार ने बताया कि द आगरा ताज कार एंड बाइक रैली देश की सुप्रसिद्ध वाहन रैली है। ताज महोत्सव के अंतर्गत होने वाला रफ्तार का ये रोमांच सैलानियों को भी अपनी ओर आकर्षित करता है और बृज क्षेत्र के भ्रमण को भी बढ़ाता है।
मोटर स्पोर्ट क्लब के चैयरमेन राम मोहन कपूर ने बताया कि ताज महोत्सव के अंतर्गत मोटर स्पोर्ट क्लब आफ आगरा, ताज रॉयल राइडर क्लब, प्रो बाइकिंग क्लब द्वारा उप्र पर्यटन विभाग के सहयोग से दो दिवसीय कार एंड बाइक रैली आयोजित की गयी है। शनिवार को पहले दिन की रैली का समापन फतेहाबाद रोड स्थित सेल्फी पॉइंट पर हुआ।
कल सुबह छह बजे फिर निकलेगी रैली
रविवार को सुबह 6 बजे मलपुरा ड्रोपिंग स्टेशन से रैली को फतेहपुर सीकरी,जोधपुर झाल, यमुना पार, गजौली घाट, पीपा पुल के लिए रवाना किया जाएगा। सभी प्रतिभागी दोपहर तक वापस आएंगे और होटल क्लार्क्स शिराज में आयोजित होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में भाग लेंगे।
रैली में प्रतिभाग करने वाले सभी तीन वर्गों महिला, पुरुष और युगल के प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी के विजेताओं को 250000 रुपये तक की धनराशि प्रदान की जाएगी। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। विशेष वर्ग में सेना और दिव्यांग प्रतियोगियों की दो− दो टीम शामिल हैं।
तय समय में तय दूरी करने का टास्क
संरक्षक हरविजय वाहिया ने बताया कि किसी भी वाहन चालक के लिए सबसे पहला टास्क होता है तय दूरी को तय समय और गति के साथ पूरा करना। इस तरह की रैली अनुशासन के साथ सहयोगात्मक व्यवहार भी सिखाती हैं। रैली में आपसी तालमेल की अच्छी जुगलबंदी देखने को मिलती है। राइडर्स अपने साथी राइडर्स की मदद भी करते हैं। किसी को भी पीछे छोड़ने की होड़ रैली में नहीं होती, बस स्वयं को अनुशासन में प्रतिबद्ध करना सिखाती है।
रैली में वाहनों के साथ प्रवीन सिकरवार,बिलाल अहमद, अभिनंदन शर्मा, विवेक, सुखवीर आदि भी चले। साथ ही वाहनों के साथ− साथ एंबुलेंस और पुलिस वाहन भी चले।
मुश्किल सफर पर डिगा न हौसला
कार−बाइक रैली में प्रथम दिन 200 किमी की दूरी तय की गयी। मुश्किल रास्ते, कीचड़, उंची-नीची सड़कें, घुमावदार रास्तों के बावजूद प्रतिभागियों का हौसला कमजोर नहीं हुआ। लखनउ से आयीं महिला राइडर खुशबू और नव्या ने बताया कि रास्ता मुश्किल जरूर था लेकिन उत्साह उतना ही जबरदस्त था। कीचड़, धूल, भूल भुलैया जैसी गलियों ने धैर्य के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।