पति-पत्नी के सात जन्मों के रिश्ते एक जन्म भी नहीं चल पा रहे  

आगरा। पिछले दो दिन के अंदर हत्या के दो मामलों ने लोगों को सोचने को मजबूर किया है कि समाज किधर जा रहा है। पति-पत्नी के जिस रिश्ते को सात जन्मों का बंधन माना जाता है, वही रिश्ते इसी जन्म में दरक रहे हैं। यहां तक कि कहीं पत्नी तो कहीं पति को जान भी गंवानी पड़ रही है। दोनों मामलों में से एक में पत्नी ही अपने पति की जानलेवा बनी तो दूसरे मामले में पति ने ही अपनी जीवनसाथी को परलोक पहुंचा दिया। दोनों ही मामलों के पीछे अवैध संबंधों की कहानी निकलकर आई है।

Mar 18, 2025 - 10:23
 0
पति-पत्नी के सात जन्मों के रिश्ते एक जन्म भी नहीं चल पा रहे   

-अवैध संबंधों की परिणितिः आगरा में एक मामले में पत्नी ही पति के लिए जानलेवा बन गई तो दूसरे मामले में पति ने अपनी जीवनसाथी की जान ले ली

जगदीशपुरा के निवासी व्यापारी जितेंद्र बघेल की हत्या कर उसका शव मथुरा जिले की सीमा में फेंक दिया गया था। मृतक की मां ने पत्नी नीतू के खिलाफ नामजद मुकदमा लिखाया तो पुलिस को इस मामले को खोलने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। पुलिस हिरासत में आते ही नीतू ने स्वीकार कर लिया था कि उसी ने पति की पत्नी की है, लेकिन उसकी यह बात पुलिस के गले नहीं उतर रही थी। पुलिस ने नीतू के फोन की कॊल डिटेल जांची तो कागारौल का विष्णु बघेल पुलिस के रडार पर आया।

पुलिस की गिरफ्त में आते ही विष्णु भी टूट गया। इसके बाद मामले का जो खुलासा हुआ है, वह पति-पत्नी के पवित्र रिश्तों में आए भटकाव का खुलासा करता है। दरअसल नीतू के रिश्ते विष्णु से हो गए थे। पति जितेंद्र उससे मारपीट करता था, इसलिए नीतू ने विष्णु की मदद से पति को रास्ते से हटवा दिया। अपने आशिक को बचाने के लिए नीतू इस हत्याकांड को अपने ऊपर ही ले रही थी, लेकिन पुलिस सच्चाई तक पहुंच गई। हत्याभियुक्त विष्णु ने अपने दोस्त की मदद से इस वारदात को अंजाम दिया। अब नीतू और उसका प्रेमी विष्णु अपने किए का फल भोगेंगे।

संदीप ने शादी के 19 साल बाद पत्नी को मार डाला

ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र की कालिंदी विहार कॊलोनी में भी पति-पत्नी का पवित्र रिश्ता दरका और एक पति ने अपनी पत्नी को ठिकाने लगा दिया। संदीप ने अपनी पत्नी गुंजन की हत्या की और फिर थाने जा पहुंचा। पुलिस को सच्चाई बताई तो पुलिस मौके पर पहुंची। घर में गुंजन का शव मिला तो संदीप को हिरासत में ले लिया गया।

पति-पत्नी के रिश्ते में दरार और इसका अंजाम एक की मौत तक पहुंचने के इस मामले में भी अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है। मृतका की मां ने पुलिस को बताया है कि संदीप उनकी बेटी से मारपीट करता था क्योंकि उसके किसी महिला से संबंध थे। मृतका के दो बेटों ने भी पुलिस को यही बताया है कि उसके पिता मां को आएदिन पीटते थे।

संदीप और मृत गुंजन की शादी 19 साल पहले हुई थी। दो बेटे हैं जो समझदार हैं। एक 18 साल का है तो दूसरा 12 साल का। अब ये दोनों बच्चे अनाथ जैसी स्थिति में पहुंच गए हैं क्योंकि मां की हत्या हो चुकी है और पिता हत्या के जुर्म में जेल जा चुका है। अवैध संबंधों की परिणिति क्या होती है, इस घटना से अच्छी तरह से समझा जा सकता है।

 

SP_Singh AURGURU Editor