ब्रज भूमि में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं का मन मोहेगी कान्हा की छवि

  मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली मथुरा से जुड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर अब बहुत जल्द बहुत जल्द प्रवेश द्वार बनने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद यह काम कराने जा रहा है। इन प्रवेश द्वारों पर मुरली बजाते कृष्ण कन्हाई की छवि ब्रज दर्शन को आने वाले श्रद्वालुओं को धर्म और आध्यात्मिक नगरी मथुरा में प्रवेश करने का सुखद अहसास कराएगी।

Mar 19, 2025 - 10:26
 0
ब्रज भूमि में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं का मन मोहेगी कान्हा की छवि
कुछ इस तरह के होंगे मथुरा में बनने जा रहे प्रवेश द्वार।

उत्तर प्रदेश बृज तीर्थ विकास परिषद मथुरा जिले में सात प्रवेश मार्गों पर बनवाने जा रहा आकर्षक प्रवेश द्वार

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने मथुरा से जुड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर प्रवेश द्वार बनाने का निर्णय लिया है। कई मार्गों पर गेट निर्माण की प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है। चयनित स्थल पर सड़क के दोनों ओर भगवान श्रीकृष्ण की मुरली बजाती मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। पुरातत्व डिजाइन के चार मीटर के पेड़िस्टल के ऊपर आठ मीटर की मूर्तियां लगेंगी। प्रवेश द्वार स्थल को विकसित भी किया जाएगा, जिसमें सोलर लाइट, ग्रीनरी आदि शामिल हैं।

मूर्ति और चयनित स्थल के विकास को लेकर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक में मूर्तियो के प्रारूप को अनुमोदित किया जा चुका है। परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि ब्रज के तीर्थ स्थलों से जुड़े मार्गों पर प्रवेश द्वार तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए सात स्थल चयनित किए हैँ।

 यहां बनेंगे प्रदेश द्वार

- रैपुरा जाट (दिल्ली आगरा नेशनल हाइवे पर ग्वालियर रोड से पहले)

- कोटवन (दिल्ली आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हरियाणा बॉर्डर)

- साथनी (मथुरा-अलीगढ़ मार्ग)

- सोनई (मथुरा-बरेली मार्ग)

- राधाकुंड (केनाल के निकट)

- वृंदावन कट (यमुना एक्सप्रेस वे से वृंदावन रोड पर)

- लक्ष्मी नगर (मथुरा-राया मार्ग पर)

प्रवेश स्थल पर पुलिस पिकेट भी होंगे

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने एसएसपी शैलेश पाण्डेय को निर्देशित किया है कि परिषद द्वारा विकसित किए जा रहे प्रवेश द्वारों पर पुलिस पिकेट तैनात किया जाए। पिकेट के लिए व्यवस्था परिषद द्वारा की जाएगी।

राजस्थान और हरियाणा की सीमाओं से जुड़ा है मथुरा

आध्यात्मिक नगरी मथुरा दिल्ली आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग 19 और मथुरा बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग 530 बी और यमुना एक्सप्रेस वे से जुड़ा हुआ है। इनके अलावा मथुरा सहित ब्रज के अन्य धार्मिक स्थल गोकुल, गोवर्धन, बरसाना, नंदगांव, वृंदावन, बलदेव भी विभिन्न प्रमुख मार्गों पर स्थित हैँ, जो राजस्थान और हरियाणा से इन्हें जोड़ते हैँ।

SP_Singh AURGURU Editor