होली से पूर्व हुए हादसे ने दो परिवारों से छीन लिए उनके वारिस

आगरा/फतेहपुरसीकरी। थाना फ़तेहपुरसीकारी क्षेत्र में ग्राम पंचायत जाजौ को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाली सड़क मार्ग बीते कल हुई सड़क दुर्घटना में घायल दोनों युवकों की मौत हो गई है। होली के मौके पर दो परिवारों पर हुए इस वज्रपात से कोहराम मच गया। इस हादसे ने दो परिवारों से उनके वारिस छीन लिए हैं।

Mar 13, 2025 - 13:28
 0
होली से पूर्व हुए हादसे ने दो परिवारों से छीन लिए उनके वारिस

-फतेहपुरसीकरी क्षेत्र में बीते कल हुए हादसे में घायल हुए थे दो युवक, दोनों की मौत से परिवारों में कोहराम

गत दिवस रामवीर पुत्र रमेश निवासी नगला लोधी कौरई अपनी पत्नी रिंकी के साथ रिश्तेदारी में जा रहा था दूसरी ओर से हरभजन पुत्र तेज सिंह निवासी मंडी मिर्जा खां गांव सारसा से मजदूरी कर कर लौट रहा था। तभी सड़क हादसे में दोनों घायल हो गए थे। गोवर्धन स्कूल के समीप हुए सड़क हादसे में दोनों युवक घायल हो गए थे। दोनों को आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान हरभजन और रामवीर की मृत्यु हो गई।

आठ बहनों में इकलौता भाई था हरभजन, दस माह पहले हुई थी शादी

ग्राम पंचायत मंडी मिर्जा खां के पूर्व ब्लाक प्रमुख के भाई चंद्रपाल ने बताया हरभजन आठ बहनों का इकलौता भाई था। आठ बेटियों के बाद बेटा पैदा हुआ था, जिसका नाम हरभजन था। अभी 10 माह पहले 17 अप्रैल 2024 को ही उसकी शादी हुई थी। इस परिवार में नव विवाहिता पत्नी से उसका पति, आठ बहनों से उनका भाई और माता-पिता से उनका बेटा छिन गया।  

भाई की हत्या के बाद परिवार में इकलौता था रामवीर

हादसे में मृत रामवीर पुत्र रमेश निवासी नगला लोधी कौरई भी अपने माता-पिता का वारिस था। रामवीर दो भाई थे। उसके छोटे भाई राजू की कुछ साल पहले हत्या हो गई थी। इसके बाद एक बेटा रामवीर बचा था, जिसे सड़क हादसे ने लील लिया। रामवीर अपनी पत्नी के साथ राजस्थान के किसी गांव में जाने के लिए घर से निकला था। होली के मौके पर रामवीर कई वर्ष बाद अपने गांव में पहुंचा था। छोटे भाई राजू की हत्या के बाद वह मजदूरी करने के लिए गांव से बाहर रहने लगा था। 

परिवारीजनों ने बताया कि अपने जीजा की सलाह पर रामवीर परिवार सहित राजस्थान के मिल्समा गांव में रहने लगा था। होली पर अपने गांव लौटा था, जहां वह मौत के मुहाने में चला गया। होली से एक दिन पूर्व हुई रामवीर की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

 

SP_Singh AURGURU Editor