घाटी में आतंकवाद आखिरी सांसें गिन रहा है- मोदी

डोडा (कश्मीर)। जम्मू-कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों के नेताओं के द्वारा चुनाव प्रचार जोर-शोर से किया जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी भी चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए आज यहां पहुंचे। उन्होंने चुनावी जनसभा में कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस पीडीपी पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर का इस बार का विधानसभा चुनाव तीन खानदानों और जम्मू-कश्मीर के नौजवानों के बीच में है। एक खानदान कांग्रेस का है, एक खानदान नेशनल कॉन्फ्रेंस का है और एक खानदान पीडीपी का है। जम्मू-कश्मीर में इन तीन खानदानों ने मिलकर आप लोगों के साथ जो किया है, वो किसी पाप से कम नहीं है।

Sep 14, 2024 - 15:06
 0  2
घाटी में आतंकवाद आखिरी सांसें गिन रहा है- मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आप याद करिए वो समय जब दिन ढलते ही यहां अघोषित कर्फ्यू लग जाता था। हालत ये थी कि तब कांग्रेस की केंद्र सरकार के गृहमंत्री तक लाल चौक जाने से डरते थे। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। पिछले 10 साल में यहां जो बदलाव आया है, वो किसी सपने से कम नहीं है। जो पत्थर पहले पुलिस और फौज पर फेंकने के लिए उठते थे,  उन पत्थरों से नया जम्मू कश्मीर बन रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि आपके इसी विश्वास को आगे बढ़ाते हुए जम्मू कश्मीर भाजपा ने आपके लिए एक से बढ़कर एक संकल्प लिए हैं। आज ही हमने टीका लाल टपलू को याद किया है,  उन्हें श्रद्धांजलि दी है। तीन दशक से ज्यादा हो गए, इसी दिन उन्हें आतंकवादियों ने शहीद किया था। उनकी हत्या के बाद कश्मीरी पंडितों के साथ अत्याचार का एक अंतहीन सिलसिला चला। ये भाजपा है, जिसने कश्मीरी पंडितों की आवाज उठाई और उनके हित में काम किया। जम्मू कश्मीर भाजपा ने कश्मीरी हिंदुओ की वापसी और पुनर्वास के लिए टीका लाल टपलू योजना बनाने का ऐलान किया है। इससे कश्मीरी हिंदुओं को उनका हक दिलाने में तेजी आएगी।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा एक ऐसा जम्मू-कश्मीर बनाने जा रही है- जो टेरर फ्री होगा और टूरिस्टों के लिए स्वर्ग होगा। जम्मू कश्मीर में रहने वाला कोई भी व्यक्ति चाहे वो किसी भी मजहब का हो, किसी भी वर्ग का हो,  भाजपा की प्राथमिकता है आपके हर अधिकार की रक्षा। ये मोदी की गारंटी है। उन्होंने आगे कहा कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का काम भी भाजपा सरकार ही करेगी लेकिन आपको ऐसे लोगों से सावधान रहना है, जो अपने स्वार्थ के लिए आपका अधिकार छीनते रहे हैं।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि आजकल ये लोग संविधान को अपनी जेब में रखते हैं। यह दिखावा ये अपने काले कारनामों को छिपाने के लिए कर रहे हैं। हकीकत क्या है, ये जम्मू कश्मीर का बच्चा-बच्चा जानता है। इन लोगों ने बाबा साहेब के बनाए संविधान की आत्मा को नोच दिया था, वरना क्या कारण था कि हमारे जम्मू कश्मीर में दो संविधान चलते थे। क्यों यहां के लोगों को वो हक नहीं मिलता था, जो बाकी देश में मिलता था। क्या कारण है कि यहां हमारे पहाड़ी भाई-बहनों को इतने वर्षों आरक्षण नहीं मिला। जम्मू कश्मीर में ये अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ों का नाम तक नहीं लेते थे।
उन्होंने आगे कहा कि इतनी पीढ़ियां गुजरने के बाद उनको भाजपा सरकार ने आरक्षण दिया है। आज ऐसे अनेक साथी हैं, जिनको पहली बार वोट डालने का हक मिला है। भारत का संविधान हर किसी को वोट का अधिकार देता है लेकिन संविधान को जेब में लेकर घूमने वालों ने 75 सालों तक आप में से कुछ लोगों से वोट देने का अधिकार छीन लिया था।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow