बरेली में विवादित मस्जिद को तोड़े जाने को लेकर तनाव, ईंट-पत्थर चले

बरेली। यूपी के बरेली में विवादित मस्जिद को तोड़े जाने के बाद बवाल मच गया। इसके कारण दो समुदायों के लोग आमने- सामने आ गए। इस दौरान दोनों तरफ से ईट-पत्थर चले और जमकर नारेबाजी हुई। घटना की खबर मिलते ही बीजेपी के विधायक भी मौके पर पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। बीजेपी विधायक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की सरपरस्ती में अवैध मस्जिद का निर्माण कराया जा रहा है।

Sep 28, 2024 - 13:53
 0  7
बरेली में विवादित मस्जिद को तोड़े जाने को लेकर तनाव, ईंट-पत्थर चले

बरेली के क्योलडिया थाना क्षेत्र के ग्राम केलाडांडी में विवादित स्थल पर नमाज पढ़े जाने के बाद हिंदू समुदाय के लोगों ने उसकी दीवार को तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि यहां पहले एक कमरा बनाया गया और बाद में उसे मस्जिद का रूप दे दिया गया था। इसमें लोग नमाज पढ़ने लगे। इस बात का हिंदू समुदाय ने विरोध किया और पुलिस प्रशासन से इसकी शिकायत की।

नवाबगंज के एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय ने विवादित स्थल पर ताला डलवाकर दो होमगार्ड्स को तैनात कर दिया लेकिन, कल वहां जबरन ताला तोड़कर जुमे की नमाज अदा की गई। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग भड़क गए और उन्होंने विवादित स्थल की दीवार को तोड़ दिया।

घटना की खबर मिलते ही एसडीएम नवाबगंज अजय कुमार उपाध्याय और सीओ हर्ष मोदी क्योलडिया थाना, नवाबगंज थाना और हाफिजगंज थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विवादित स्थल की दीवार तोड़ने वाले 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया और विवादित स्थल की टूटी हुई दीवार बनवाना शुरू कर दिया। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग और आक्रोशित हो गए और एसडीएम, सीओ का घेराव कर लिया। मौके पर नवाबगंज बीजेपी विधायक एम पी आर्या पहुंचे और प्रशासन के विरोध में धरने पर बैठ गए। 

बीजेपी विधायक ने इस दौरान सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पुलिस की मदद से अवैध मस्जिद का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी वजह से ग्रामवासी परेशान है। हम निर्माणाधीन अवैध मस्जिद को रुकवाने के लिए धरने पर बैठे हैं। इस घटना के बाद इलाके में तनाव है। इलाके में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।

 

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow