आगरा के डौकी क्षेत्र में किशोर को गोली मारी, गंभीर रूप से घायल
आगरा। आगरा के थाना डौकी क्षेत्र के गांव सैयद में आज एक व्यक्ति ने बंदूक से गोली चलाकर एक किशोर को घायल कर दिया। किशोर के सिर में गोली लगी है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोली चलाने वाला भी गांव का ही एवरन है और दबंग प्रवृत्ति का बताया गया है। जिस किशोर के सिर में गोली लगी है, वह सैयद गांव का राकेश कुमार है और 11वीं का छात्र है। राकेश कुमार आज अपने माता-पिता और बहन गुड़िया के साथ कहीं से घर की ओर पैदल-पैदल लौट रहा था।
इसी दौरान गांव का एवरन बंदूक से निशाना लगा रहा था। इस पर राकेश ने चिल्ला कर कहा, चाचा गोली मत चलाना। राकेश ने कई बार गोली न चलाने को कहा, लेकिन एवरन ने गोली चला दी, जो राकेश के सिर में लगी। वह वहीं पर गिर पड़ा। यह देख साथ चल रहे माता-पिता और बहन चीखने लगे।
मौके पर गांव के लोग एकत्रित हो गए। उधर एवरन मौके से भाग खड़ा हुआ। घायल राकेश को उसका बड़ा भाई अस्पताल ले गया। यह भी कहा जा रहा है कि पुरानी रंजिश में किशोर को गोली मारी गई है।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस की टीम तत्काल गांव में पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की शुरू कर दी है। उधर अस्पताल में घायल किशोर की स्थिति गंभीर बनी हुई है।