शादी कर भी कुंआरा रह गया सनी, दुल्हन गहने लेकर फरार
आगरा। एत्माउद्दौला थाना क्षेत्र में एक युवक शादी के नाम पर ठग लिया गया। चट मंगनी, पट सगाई की तर्ज पर उसकी शादी कराई गई और फेरे लेने के बाद दुल्हन दूल्हे द्वारा पहनाई गई अंगूठी व अन्य जेवरात समेत चंपत हो गई। पीड़ित युवक ने इस मामले में थाने में तहरीर दी है।

यह धोखा हुआ है सीता नगर के एक युवक सनी के साथ। मोहल्ले के ही एक युवक ने सनी को शादी कराने का झांसा दिया। एक अन्य युवक एक युवती, उसकी बहन और बहनोई को लेकर आया। एक मंदिर में लड़की को दिखाया गया। सनी ने रिश्ते के लिए हां कह दी तो मंदिर में ही सगाई की अंगूठी पहनाकर रिश्ता फाइनल कर दिया गया। वहीं पर शादी भी करा दी गई।
शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन किसी बहाने से मंदिर से बाहर आई। वहां उसकी बहन पहले से ऒटो लेकर तैयार खड़ी थी। दोनों बहनें ऒटो में बैठकर वहां से निकल आईं। देर तक दुल्हन के न लौटने पर सनी उसे देखने के लिए मंदिर के बाहर आया तो उसने पाया कि वहां न तो दुल्हन थी और न उसकी बहन।
दुल्हन के गायब होने पर उसके साथ आए बहनोई और बिचौलिए भी वहां से खिसकने लगे। इस पर सनी ने दुल्हन के कथित बहनोई को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सनी को समझ में आ चुका था कि उसे शादी के नाम पर ठग लिया गया है। अब उसने तहरीर देकर पुलिस से मदद मांगी है।