बहराइच के महसी में स्थिति सामान्य, योगी की सख्ती से उपद्रवी बेदम, अब तक 52 उपद्रवी दबोचे जा चुके

लखनऊ। बहराइच जिले के महसी महाराजगंज में स्थिति सामान्य हो गई है। पुलिस ने उपद्रवियों को बेदम कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती और पल-पल की मॉनीटरिंग से कुछ ही घंटों में स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।

Oct 15, 2024 - 20:39
 0  53
बहराइच के महसी में स्थिति सामान्य, योगी की सख्ती से उपद्रवी बेदम, अब तक 52 उपद्रवी दबोचे जा चुके

- सीएम योगी हर घंटे ले रहे रिपोर्ट, लगातार उपद्रवियों की तलाश में की जा रही छापेमारी 

- अराजकतत्वों पर कसा जा रहा शिकंजा, वीडियो फुटेज के आधार पर चिन्हित किये जा रहे उपद्रवी 

- सोशल मीडिया के जरिये भी अराजक तत्वों पर रखी जा रही नजर, अतिरिक्त इंटेलिजेंस जुटा रही उपद्रवियों की जानकारी 

ग्राउंड जीरो पर उच्च अधिकारियों ने उतरकर बहराइच में सुनियोजित तरीके से माहौल बिगाड़ने की साजिश को नाकाम कर दिया। बहराइच में सोमवार को ही स्थिति को कंट्रोल कर शांति व्यवस्था को कायम कर लिया गया था। वहीं पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा जिला प्रशासन के साथ उपद्रवियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। 

घटना से प्रभावित इलाकों को जोन में बांटा गया है और बैरियर लगाकर आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा यूपी पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है।

दो शिफ्टों में तैनात किये गये हैं अधिकारी 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच की घटना का संज्ञान लेने के बाद स्थिति को कंट्रोल में करने के लिए उच्च अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर भेजा था। सीएम योगी के निर्देश के बाद एडीजी लॉ एंड आर्डर अमिताभ यश, गृह सचिव संजीव गुप्ता, एडीजी जोन गोरखपुर, आईजी रेंज, डीआईजी, मंडलायुक्त देवीपाटन शशि भूषण सुशील ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को कंट्रोल किया। 
स्थिति के कंट्रोल होते ही उपद्रवियों की तलाश तेज की गयी। क्षेत्र को नौ सेक्टर में बांटकर पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों की दो शिफ्टों में तैनात किया गया है, जो इन एरिया में लगातार गश्त कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। 
इसके अलावा प्रभावित एरिया में नौ बैरियर बनाये गये हैं। इनके जरिये इन इलाकों में आने-जाने वालों की चेकिंग और पूछताछ की जा रही है। 

कंट्रोल रूम बनाया, प्रभावितों की मदद को सर्वे भी शुरू

बहराइच की डीएम मोनिका रानी ने बताया कि घटना से प्रभावित इलाकों में लोगों से कम्यूनिकेशन मजबूत करने के लिए प्रधान, कोटेदार, लेखपाल, सचिव आदि की ड्यूटी लगायी गयी है। यह सभी गांववासियों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। साथ ही उनकी समस्याएं और घटना को लेकर अन्य जानकारियां जुटा रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि यहां पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसके जरिये लोगों की मदद की जा रही है। घटना से प्रभावित परिवार को राहत किट प्रदान की गयी है। साथ ही राजस्व टीम द्वारा नुकसान का सर्वे किया जा रहा है ताकि प्रशासन की ओर से उनकी हर संभव मदद की जा रही है। 

एक्स्ट्रा इंटेलिजेंस टीम भी लगी, उपद्रवियों की खंगाली जा रही हिस्ट्री

एडीजी लॉ एंड आर्डर अभिताभ यश ने बताया कि घटना में लिप्त उपद्रवियों की धरपकड़ की जा रही है। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों की हिस्ट्री खंगालने के लिए एक्स्ट्रा इंटेलिजेंस टीम लगायी गयी है। वहीं उपद्रवियों के पिछले ट्रैक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ उनके मुकदमों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे शहर के साथ प्रभावित इलाकों में लगातार फोर्स का मूवमेंट हो रहा है। 

इसके अलावा कुछ संदिग्धों पर विशेष टीम द्वारा नजर रखी जा रही है। एडीजी लॉ एंड आर्डर ने बताया कि बहराइच में अतिरिक्त वरिष्ठ अधिकारी सेक्टरवार गश्त कर रहे हैं। 

अब तक 52 उपद्रवी भेजे गये जेल, दो और एफआईआर दर्ज

बहराइच की एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि अब तक 52 उपद्रवियों को जेल भेजा जा चुका है। इसमें सोमवार और मंगलवार को 26-26 उपद्रवियों को जेल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील इलाकों में उच्च अधिकारियों के साथ लगातार गश्त की जा रही है। वहीं मामले में दो और एफआईआर दर्ज की गयी है। 

इसके अलावा वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा लगातार रेड की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में शांति व्यवस्था कायम है और रोजमर्रा की तरह सामान्य गतिविधियां संचालित हैं। एसपी ने बताया कि अराजक तत्वों पर सोशल मीडिया के जरिये नजर रखी जा रही है ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor