गाओ री सब मंगल गाओ री..,जनकपुरी में दूसरे दिन भी भक्तों का रेला

आगरा। जनकपुरी में प्रभु श्रीराम और माता जानकी के दर्शनों के लिए ही शाम से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मुख्य मंच जनक महल के सामने खड़े होकर लोग दर्शन कर रहे हैं।

Sep 30, 2024 - 20:45
Sep 30, 2024 - 21:44
 0  46
गाओ री सब मंगल गाओ री..,जनकपुरी में दूसरे दिन भी भक्तों का रेला

श्रीहरि भगवान राम को दुल्हा और माता लक्ष्मी स्वरूपा जगत जननी माता सीता को दुल्हन रूप में दर्शन के लिए हर कोई आतुर नजर आ रहा है। कोठी मीना बाजार में सजी जनकपुरी में जैसे ही आज सियाराम का डोला तीनों भाईयों संग पहुंचा तो चारों ओर सियाराम के जयकारे गुंजायमान होने लगे।  

स्वरूपों के पैर छूकर आशीर्वाद लेने को हर कोई ललायित दिखा तो किसी ने दूर से हाथ जोड़कर संतुष्टि कर ली।   
भगवान श्रीराम सहित सभी स्वरूपों पर की जा रही ड्रोन से पुष्प वर्षा को देख ऐसा लगा मानो देवताओं द्वारा सियाराम का वंदन किया जा रहा हो। 

सतरंगी फूलों और जगमगाती झालरों से सजी मिथिलानगरी का कण-कण सियाराम के उद्घोष कर रहा है। जनकपुरी महोत्सव में आज दूसरे दिन भी सभी स्वरूप घोड़ो व रथों पर सवार होकर ढोल नगाड़ों के साथ कोठी मीना बाजार में सजे जनकपुरी महल पहुंचे। राजा जनक आवास (इंद्रा कालोनी) से प्रारम्भ हुई स्वरूपों के डोले रुई की मंडी, शाहगंज बाजार क्षेत्र में भ्रमण करते हुए निकले तो जगह-जगह पुष्प वर्षा व आरती कर उनका स्वागत किया गया। 
 
सियाराम की भ्रमण यात्रा का शुभारम्भ राजा जनक व माता सुनयना ने सभी स्वरूपों की आरती कर किया। जगह-जगह आरती व पुष्प वर्षा कर स्वरूपों का स्वागत किया गया। मंच पर श्रीजनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने सियाराम की आरती की।

इसके उपरान्त भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कल रात 9 बजे सीता जी की विदाई होगी। इस अवसर पर मुख्य रूप से आयोजन समिति से जुड़े सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।   

आगरा। जनकदुलारी के विवाह के अवसर पर राजा जनक ने आज मिथिलावासियों (आगरावासियों) को बड़हार की दावत दी। लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित बड़हार कार्यक्रम में शहर के समस्त प्रतिष्ठित संस्थानों से लेकर राजनीतिज्ञ, समाजसेवी व शहरवासियों ने सियाराम के विवाह का प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर मंच पर विराजमान श्रीराम सहित चारों भाई और जानकी जी के दर्शन कर लोगों ने चरण स्पर्श किए।सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। 

बड़हार कार्यक्रम का शुभारम्भ राजा जनक (प्रमोद गुप्ता) व रानी सुनयना (मंजु गुप्ता) ने सभी स्वरूपों की आरती कर किया। स्वरूपों के साथ फोटों खिंचाने को हर कोई उत्साहित था। किसी को पास जाकर मौका मिला तो किसी ने दूर से ही सेल्फी लेकर संतुष्टि कर ली। 

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे, सांसद रामशंकर कठेरिया, श्याम भदौरिया, श्रीजनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, गौरव राजावत, राहुल चतुर्वेदी, हेमन्त भोजवानी, राजीव शर्मा, अनुराग उपाध्याय, मुनेन्द्र जादौन, राहुल सागर, निशान्त चतुर्वेदी आदि उपस्थित थे। 

मधु बघेल ने प्रस्तुत की नृत्य नाटिका 

जनकपुरी महोत्सव के दूसरे दिन जनक महल के मंच पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल की धर्मपत्नी मधु बघेल ने राधा जी की नृत्य नाटिका प्रस्तुत की तो तालियां बजने लगीं।

प्रभु श्रीराम, माता जानकी और उनके तीनों भाइयों के स्वरूप जब मंच की ओर बढ़ रहे थे तो उन पर ड्रोन से पुष्प वर्षा की जा रही थी। 

महोत्सव के दूसरे दिन के कार्यक्रमों का संचालन संचालन गौरव राजावत, रमन अग्रवाल और रवि नारंग ने किया। इस मौके पर आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी हरीश रौतेला,
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल, राजा दशरथ स्वरूप संतोष शर्मा व रानी कौशल्या स्वरूप ललिता शर्मा, राजा जनक स्वरूप प्रमोद गुप्ता और रानी सुनयना स्वरूप मंजु वर्मा आदि भी मौजूद थे।

छत पर बैठ प्रभु का  इंतजार 

आगरा। सियाराम का तीनों भाईयों संग डोला निकलने का इंतजार लोग अपनी छतों पर सज-धजकर बैठकर करते दिखे। कुछ लोगों ने भागवान राम व जानकी जी के डोले पर छतों से पुष्प वर्षा की।   

पीले परिधान में मौजूद रहे सभी पदाधिकारी

आगरा। श्रीजनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति में आज सभी पदाधिकारी पीला कुर्ता सफेद जैकेट व सफेद पाजामा पहनकर समाज परिधान में मौजूद रहे। सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा व्यवस्था को सम्भाला।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor