हरियाणा चुनाव के नतीजों का विश्लेषण कर रहे राहुल गांधी

नई दिल्ली। हरियाणा में कांग्रेस की हार के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी नतीजों का विश्लेषण कर रहे हैं। तमाम दावों के बाद भी राज्य में कांग्रेस लगातार तीसरी बार सरकार में नहीं आ पाई। बीजेपी 48 सीट जीतने के साथ हैट्रिक बना चुकी है। कांग्रेस को 37 सीटें मिली हैं।

Oct 9, 2024 - 12:30
 0  44
हरियाणा चुनाव के नतीजों का विश्लेषण कर रहे राहुल गांधी

 

राहुल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि जम्मू-कश्मीर के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया, प्रदेश में इंडिया की जीत संविधान की जीत है, लोकतांत्रिक स्वाभिमान की जीत है। हम हरियाणा के अप्रत्याशित नतीजे का विश्लेषण कर रहे हैं। अनेक विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों से चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे। सभी हरियाणा वासियों को उनके समर्थन और हमारे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए दिल से धन्यवाद। हक का, सामाजिक और आर्थिक न्याय का, सच्चाई का यह संघर्ष जारी रखेंगे, आपकी आवाज बुलंद करते रहेंगे।

गौरतलब है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में तमाम एग्जिट पोल्स ने कांग्रेस की जीत की भविष्यवाणी की थी। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस काफी आगे निकली भी दिखाई दे रही थी लेकिन असल नतीजे इसके उलट आए। सुबह साढ़े दस बजे के बाद नजारा बदल गया और बीजेपी लगातार बढ़त बनाती चली गई। इसके बाद कांग्रेस के पैरों तले से जमीन खिसक गई। इस बार सरकार बनाने की उम्मीद लगाए बैठी कांग्रेस को हरियाणा की जनता ने जोर का झटका दे दिया।

दरअसल, चुनाव के दौरान राहुल गांधी भी हरियाणा में जीत का दावा कर रहे थे। उन्होंने अग्निवीर और किसानों का मुद्दा हर रैली में उठाया। लेकिन हरियाणा की जनता ने लगातार तीसरी बार बीजेपी को चुनकर कांग्रेस को जोर का झटका दे दिया। चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस ने ईवीएम पर भी सवाल उठाए हैं। राहुल के पोस्ट से भी इशारा उसी तरफ मिल रहा है। कांग्रेस की इस हार के बाद अब उसको सहयोगी दल आंखें दिखाने लगे हैं। आम आदमी पार्टी से लेकर शिवसेना उद्धव गुट ने कांग्रेस को घेरा है।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow