निरंतर बारिश से घरों में कैद होकर रह गए लोग, दफ्तर खुले पर लोग नहीं आए, कई इलाके डूबे

आगरा में भारी बारिश आफत लेकर आई है। पिछले दो दिन से जारी बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर चुका है। दफ्तर खुले हैं लेकिन लोग नहीं पहुंचे। बाजारों में भी चहल-पहल गायब है।

Sep 12, 2024 - 15:35
 0  124
निरंतर बारिश से घरों में कैद होकर रह गए लोग, दफ्तर खुले पर लोग नहीं आए, कई इलाके डूबे
यह है शास्त्रीपुरम की एक सड़क जो दरिया नजर आ रही है।

आगरा। महानगर में बीते कल सुबह से निरंतर हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शहर में जगह-जगह जलभराव होने की खबरें तो आम हैं, सबसे बड़ी परेशानी यह है कि लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। प्रशासन ने स्कूल तो पहले ही बंद कर दिए थे, लेकिन खुलने के बाद भी सरकारी दफ्तर सूने-सूने से दिखे। जो अधिकारी-कर्मचारी किसी तरह दफ्तरों तक पहुंच भी गए, लेकिन फरियादी नदारद थे। अधिकांश बाजार भी दोपहर बाद तक नहीं खुले थे। खाने-पीने की दुकानें अवश्य गुलजार थीं। 

लोग याद कर रहे हैं कि इतने लम्बे समय तक बारिश पहले कब हुई थी। कुल सुबह बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो आज दोपहर बाद तक जारी था। कभी तेज तो कभी हल्की, लेकिन बारिश रुकी थोड़ी देर के लिए भी नहीं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने पहले ही गुरुवार को स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया था। दफ्तर अवश्य खुले हुए थे। शहर में कई स्थानों पर जर्जर भवन गिरने की शिकायतें भी मिल रही थीं। कश्मीरी बाजार में एक बिल्डिंग गिरने की सूचना है, जिसमें फंसे लोगों को आसपास के लोगों ने बचाया। 

शास्त्रीपुरम का बुरा हाल

निरंतर हो रही बारिश से शहर का हाल बेहाल हो गया है। एक दो जगह नहीं, सैकड़ों जगहों पर भारी जलभराव की सूचनाएं मिल रही हैं। शास्त्रीपुरम का ए ब्लाक तो कल शाम से पानी में डूबा हुआ है। यहां लोगों के घरों में भी दो-दो फीट पानी भर चुका है। यहां के लोग रात भर अपने घरेलू सामान को पानी से बचाने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए। यहां जलभराव की शुरुआत तो तभी से शुरू हो गई थी जब ये कालोनी एडीए के पास थी। एडीए से नगर निगम के पास आ गई। लोगों ने सोचा था कि शायद अब जलभराव की समस्या का समाधान हो जाए, लेकिन हालात जस के तस रहे। 

नगर निगम प्रशासन ने शास्त्रीपुरम में पानी निकालने के लिए पम्पसेट भी लगवाए हैं, लेकिन इतने भारी जलभराव में वे नाकाफी साबित हो रहे हैं। कालोनी के निवासी घरों में भरे पानी के भीतर खड़े होकर अपना खाना बनाने को मजबूर हैं। जिन लोगों के मकान दो मंजिले हैं, वे ऊपरी मंजिल में शिफ्ट हो गए हैं। यहां के निवासी रिटायर्ड दूरसंचार अधिकारी डीसी शर्मा ने बताया कि सात साल से पानी भरने की समस्या है। पहले एडीए वालों ने कुछ नहीं किया और अब तीन साल से नगर निगम वाले रुला रहे हैं। 

बिजलीघर चौराहे पर भी जलभराव की समस्या गंभीर है। यहां भी हर साल जलभराव होता है, लेकिन यहां की समस्या का भी स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा। दो दिन से जारी बारिश की वजह से यह क्षेत्र भी जलभराव से अछूता नहीं रहा। यहां के दुकानदारों को हमेशा अपने माल के खराब होने का डर सताता रहता है। 

भारी बारिश के कारण शहर के अंदर विशालकाय पेड़ भी जमींदोज हुए हैं। आगरा-शमसाबाद रोड पर कहरई मोड़ के नजदीक एक विशाल पेड़ जड़ समेत सड़क पर आ गिरा, जिसकी वजह से यह व्यस्त मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना पड़ा। इसी प्रकार आगरा-जयपुर हाईवे पर फतेहपुरसीकरी क्षेत्र में भी एक बड़ा पेड़ सड़क पर आ गिरने से हाईवे पर ट्रैफिक रुक गया, लेकिन एनएचएआई ने तत्काल पेड़ को काटकर यहां रास्ता क्लियर करा दिया। पेड़ की वजह से बहुत देर तक हाईवे पर ट्रैफिक थमा रहा। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor