नजरुद्दीन ने रखा था जामा मस्जिद में जानवर का कटा हुआ सिर, पकड़ा गया

आगरा। मंटोला थाना क्षेत्र  स्थित शाही जामा मस्जिद में जानवर का कटा हुआ सिर रखकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने के आरोपी को आगरा पुलिस ने महज तीन घंटे में गिरफ्तार  कर लिया। आरोपी की पहचान नजरुद्दीन उर्फ कल्लू पुत्र सलाउद्दीन के रूप में हुई है, जो मंटोला के ढोलीखार क्षेत्र का ही निवासी  बताया जा रहा है। वर्तमान में यह शाहगंज के कोल्हाई क्षेत्र में परिवार समेत रहता है।

Apr 11, 2025 - 12:27
Apr 11, 2025 - 13:37
 0
नजरुद्दीन ने रखा था जामा मस्जिद में जानवर का कटा हुआ सिर, पकड़ा गया
गिरफ्तार आरोपी के बारे में जानकारी देते डीसीपी सिटी सोनम कुमार। दूसरे चित्र में सीसीटीवी कैमरे में कैद आरोपी नजीरुद्दीन उर्फ कल्लू। दूसरे

-आगरा पुलिस ने महज पांच घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार, शहर का माहौल बिगाड़ने की थी साजिश

आज सुबह इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मुस्लिम समाज में भी भारी आक्रोश था। डीसीपी सिटी सोनम कुमार के निर्देशन में गठित टीमों ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज  की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे हिरासत में ले लिया।

आरोपी से की जा रही गहन पूछताछ

पुलिस सूत्रों के अनुसार नजरुद्दीन उर्फ कल्लू पुत्र सलाउद्दीन से लगातार गहन पूछताछ  की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि यह कृत्य शहर की फिजां को बिगाड़ने और धार्मिक उन्माद फैलाने  की नीयत से किया गया। यह भी जानकारी मिल रही है कि कल्लू मंदबुद्धि है। हो सकता है कि उससे यह काम कराने वाला कोई और ही हो। पूछताछ के बाद ही स्थिति साफ होगी। बहरहाल पुलिस ने तत्परता दिखाकर शहर के माहौल को बिगड़ने से बचा लिया।

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

घटना के बाद इलाके के साथ ही शाही जामा मस्जिद के आसापस अतिरिक्त पुलिस बल  तैनात कर दिया गया है। चूंकि आज जुमे की नमाज अदा होनी है, इसलिए पुलिस और मस्जिद इंतजामिया कमेटी की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि आज सुबह सात बजे हमें इस मामले में सूचना मिली। वे स्वयं और एसीपी मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी चेक करने के बाद सौ पुलिसकर्मियों को इस युवक की खोज में लगाया गया। इसी क्रम में एक दुकानदार को भी उठाया गया। उसके जरिए पुलिस नजीरुद्दीन तक पहुंची और उसे पकड़ लिया।

 

डीसीपी ने कहा कि निश्चित रूप से यह शहर का माहौल बिगाड़ने की साजिश थी। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। इससे पहले इससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि इस हरकत के पीछे इसका मकसद क्या था। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी पता किया जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor