कन्नौज का नवाब ब्रांड सपा का वास्तविक चेहरा, गुंडागर्दी इनके डीएनए में: योगी

मैनपुरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र में पौने चार सौ करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। सीएम योगी इस दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर हमलावर दिखे।

Sep 3, 2024 - 22:29
 0  14
कन्नौज का नवाब ब्रांड सपा का वास्तविक चेहरा, गुंडागर्दी इनके डीएनए में: योगी

कार्यक्रम में युवाओं को मोबाइल व लैपटॉप देने, महिला स्वयंसेवी समूहों को चेक देने के साथ ही उन्होंने मैनपुरी की जनता से जात-पात की राजनीति को भुलाकर राष्ट्र निर्माण व विकास कार्यों को बढ़ावा देने में आगे आने का आह्वान किया।

 समाजवादी पार्टी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि मैनपुरी जो कभी वीवीआईपी जनपद माना जाता था, फिर भी विकास के कार्य में क्यों पिछड़ गया। उन्होंने कहा कि मैनपुरी तो मयन, मार्कण्डेय, च्यवन जैसे हमारे महान ऋषियों की धरती रही है। इस धरती का संबंध स्वाधीनता संग्राम से जुड़े नायकों स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़ा हुआ है। फिर आखिर मैनपुरी के सामने पहचान का संकट खड़ा करने वाले कौन लोग हैं? ये वही लोग हैं जिन लोगों ने आपके सामने पहचान का संकट तो खड़ा किया ही, प्रदेश के सामने भी अस्तित्व का संकट खड़ा किया। सामाजिक ताने-बाने के लिए खतरा पैदा किया था। 

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि अराजकता और गुंडागर्दी इनके डीएनए में है। इनका मॉडल विकास का नहीं है। ये लोग विकास के कार्यों में लूट मचाने वाले लोग हैं। आपने इनका कारनामा तो देखा होगा। इनका कारनामा वही है जो अयोध्या में एक निषाद बेटी के साथ समाजवादी पार्टी के नेता द्वारा किया गया था। इनके वास्तविक कारनामे देखने हों तो कन्नौज में घटी घटना देखिए। 'नवाब ब्रांड' इनका वास्तविक चेहरा है। 

 करहल विधानसभा क्षेत्र में सड़क, स्कूल, पेयजल से जुड़ी परियोजनाएं हैं। एक ग्राम स्टेडियम भी इस परियोजना के अंतर्गत लोगों को मिलने जा रहा है। अग्निशमन केंद्र के शिलान्यास का कार्य भी आज हो रहा है। 

एक सप्ताह पहले इसी मंच पर हमारे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी आए थे और करहल में रोजगार मेला व टैबलेट वितरण के एक बड़े कार्यक्रम का उन्होंने उद्घाटन किया था। हजारों लोगों को रोजगार मिला था। हजारों नौजवानों को उद्यम लगाने के लिए ऋण दिया तथा स्मार्टफोन व टैबलेट वितरण किया था। 

-2017 के पहले बिकती थी नौकरी-

सीएम योगी ने आगे कहा कि 2017 के पहले हर नौकरी बिकती थी। उसकी नीलामी होती थी। वसूली में चाचा और भतीजा समान भागीदार होते थे। बाद में, जब ज्यादा वसूली होती थी तो चाचा को धकेल दिया जाता था भतीजा अकेले ही बैग लेके भाग जाता था। यही दृश्य पूरे प्रदेश का हुआ करता था। विकास के नाम पर भी यही लूट खसोट मची हुई थी। इनको मैनपुरी की चिंता नहीं थी। इनको तो स्वयं की चिंता थी। इनको प्रदेश की चिंता नहीं थी और इसी लिए जब इनको लगा कि उत्तर प्रदेश अब इनके लिए सुरक्षित नहीं है तो दुनिया के अलग अलग देशों में द्वीप खरीदने लगे, मगर हमें और आपको तो इसी प्रदेश में रहना है। 

-चाचा की तो नियति ही है धक्का खा कर वहीं पड़े रहना-

सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि चाचा की तो नियति ही है धक्का खा करके वहीं पड़े रहना,  लेकिन उत्तर प्रदेश वासियों को धक्का खाने की जरूरत नहीं है। आज  प्रदेश में दंगा नहीं होता। गुंडागर्दी नहीं होती। किसी बेटी का अपहरण नहीं होता। किसी किसान की जमीन पर कोई कब्जा नहीं करता है। किसी व्यापारी का अपहरण नहीं होता है। 

लोगों से की जाति के आधार पर न बंटने की अपील

सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि सरकार आपके साथ है और आप को जाति के नाम पर विभाजित होने की जरूरत नहीं है। आज प्रदेश बदल चुका है। 2017 के पहले मैनपुरी के लोग जब यूपी के बाहर जाते थे तो उन्हें शक की निगाहों से देखा जाता था। होटल तो दूर, धर्मशाला में भी कमरा नहीं मिलता था पर आज आपके सामने पहचान का संकट नहीं है। 

 सीएम ने कहा हम आस्था का सम्मान करते हैं और काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या धाम में रामलला के भव्य मंदिर पूरी दुनिया में चमक बिखेर रहा है। मथुरा और वृंदावन में भी विकास के कार्य आगे बढ़ रहे हैं। वहीं, खुद को यदुवंशी बताने वालों के राज में तो श्री कृष्ण के जन्मोत्वस कार्यक्रम मनाने की भी मनाही थी।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार में पर्यटन  व संस्कति मंत्री जयवीर सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के राज्य मंत्री अजीत पाल, भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, प्रदेश उपाध्यक्ष तथा विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, विधायक राम नरेश अग्निहोत्री एवं अन्य नेता मौजूद थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow