डीएम से फोन पर बोले सांसद चाहर-किसानों का उत्पीड़न बन्द करें
आगरा। किरावली तहसील के गांव सींगना और जुगसेना के किसानों की फसल जोतने के प्रकरण के संबंध में भाजपा किसान मोर्चा का एक प्रतिनिधि मंडल किसान मोर्चा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष प्रशांत पोनियां के नेतृत्व जिलाधिकारी से मिला। वहीं पोनिया ने जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी को लिखित पत्र देते कहा कि किसानों की शेष बची हुई फसल उनको मिलनी चाहिए और किसानों के हित को ध्यान रखना चाहिए।

किसानों की बर्बाद हुई फसल का उचित मुआवजा उनको मिलना चाहिए। किसान सालों से इस पर खेती करते आ रहे हैं। एक दम से इस प्रकार की कार्यवाही से किसान बर्बाद हो जाएगा। साथ ही इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषी अधिकारी और भू माफियाओं पर कार्यवाही हो, जिससे इसकी पुनरावृति न हो पाए। उन्होंने कहा कि 200 किसानों के परिवारों का सवाल है।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि किसान हित को ध्यान में रख कर उचित रास्ता निकाला जाएगा। इस दौरान किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष देवेंद्र रावत, ब्रज क्षेत्र कोषाध्यक्ष चौधरी तपेश जैन,शैलेन्द्र चौधरी,संकल्प शर्मा, जे पी प्रधान , नीरज परमार, जीतू फौजदार ,सुधीर , पवन सिकरवार आदि लोग थे।
दूसरी ओर फतेहपुरसीकरी के सांसद एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा राजकुमार चाहर ने जिलाधिकारी से फ़ोन पर वार्ता की और किसानों का पक्ष रखते हुए कहा कि तत्काल प्रभाव से किसानों का उत्पीड़न बंद करे। साथ ही साथ शेष फसल जो खड़ी है, उसको किसानों ने सीचने का काम किया है, उस पर पहला हक किसानों का है। वो उनको ही मिलना चाहिए। सांसद चाहर लोकसभा समिति की बैठक होने के कारण दिल्ली में है। उन्होंने फोन पर डीएम आगरा से वार्ता की ओर किसान मोर्चा के पदाधिकारियों को निर्देशित कर पूरे प्रकरण को लेकर डीएम आगरा से वार्ता करने का निर्देश दिया। सांसद चाहर आगरा आते ही डीएम और किसानों से वार्ता करेंगे।