विधायक खंडेलवाल ने विधान सभा में आगरा के लिए नये मेट्रो कॊरिडोर मांगे
आगरा। आगरा उत्तर के भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने विधान सभा में आगरा के जूता उद्योग को सरकार के और प्रोत्साहन की मांग करते हुए यहां पर्यटन के लिहाज से इन्फ्रास्ट्रक्चर में और सुधार पर भी जोर दिया। उन्होंने आगरा में कुछ और नये मेट्रो कॊरिडोर की मांग भी उठाई।

-आगरा के जूता उद्योग को प्रोत्साहन, पर्यटन इन्फ्रास्ट्रक्चर, आलू आधारित उद्योग की मांग भी उठाई
श्री खंडेलवाल ने कहा कि आगरा जनपद में बड़े पैमाने पर आलू का उत्पादन किया जाता है। सरकार अगर आगरा में आलू आधारित उद्योग की स्थापना करे तो किसानों को इसका बहुत लाभ मिलेगा। भाजपा विधायक ने आगरा के युवाओं के लिए सॊफ्टवेयर पार्क जैसे तकनीकी उद्योगों के विकास पर भी जोर दिया ताकि यहां के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
विधायक खंडलेलवाल ने आगरा में मेट्रो रेल के दो कॊरिडोर पर काम शुरू कराने के लिए सरकार का आभार जताया तथा कहा कि आगरा के विस्तार को देखते हुए कुछ और नये मेट्रो रेल कॊरिडोर विकसित किए जाएं।
श्री खंडेलवाल ने उद्योगों के सवाल पर समाजवादी पार्टी को आड़े हाथ भी लिया। उन्होंने कहा कि 2012 से 2017 तक यूपी में चोरी, डकैती, बलात्कार अपहरण का उद्योग पनप रहा था। तत्कालीन सपा सरकार ने यूपी को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया था। उद्यमियों का उद्योग चलाना मुश्किल कर दिया था। पहले से चल रहे उद्योगों को बंद कर उद्यमी दूसरे राज्यों में भाग रहे थे। उस समय गुंडागर्दी चरम पर थी और उद्योग चौपट हो गए थे।
सपा सरकार के समय गुंडगर्दी का आलम यह था कि आगरा में डाक्टरों का प्रैक्टिस करना तक दूभर हो गया था। आगरा से अपहरण होते थे और फिर मैनपुरी और इटावा में फिरौती वसूली जाती थी।
उन्होंने कहा कि 2017 में योगी आदित्यनाथ की सरकार आने के बाद उद्यमियों का यूपी को लेकर भरोसा लौटा है। उद्यमियों को लगा कि यूपी अब 2012 से 2017 वाला लूट और डकैती वाला राज्य नहीं रहा। यही वजह है कि यूपी में एक बार फिर उद्योग पनप रहे हैं। इससे लोगों को रोजगार मिल रहा है। एक जिला एक उत्पाद योजना उद्योगों के लिए वरदान साबित हुई है।
भाजपा विधायक ने कहा कि सपा सरकार के समय ही 1995 में आगरा की सबसे बड़ी फाउंड्री इंडस्ट्री को ताजमहल को प्रदूषण से बचाने के नाम पर बंद करना पड़ा था। तब की सरकार ने इस इंडस्ट्री को बचाने के लिए कुछ नहीं किया। इतनी बड़ी इंडस्ट्री बंद होने के बाद भी आगरा के लोगों ने हिम्मत नहीं हारी। वे फिर से खड़े हुए। आज आगरा में चांदी का कारोबार इतना बड़ा हो चुका है कि विदेशों तक निर्यात होने लगा है। हम लोग जिस ब्रश से जूता चमकाते हैं, वह भी आगरा में ही तैयार होता है। रेडीमेट गारमेंट का हब भी आगरा बन रहा है।