टूटा 60 दिन का सन्नाटा, बाजार गुलजार और कारोबारियों के चेहरों पर चमक लौटी, सबसे ज्यादा भीड़ यहां

आगरा। मानसून का असर आगरा के कारोबार पर रहा। लगभग 45 दिन तक बाजार मंद चला। वहीं श्राद्ध पक्ष शुरू होते ही यह मंद चाल सन्नाटे में बदल गई। अब त्योहारी सीजन शुरू होते ही रौनक दिखनी शुरू हो गई है। नवरात्रा, दशहरे, करवा चौथ और फिर दीपावली तक लगातार त्योहार आ रहे हैं। ऐसे में बाजारों में चहल-पहल शुरू हो चुकी है। आगामी एक माह तक फेस्टिवल सीजन के कारण बाजार में रौनक बने रहने की व्यापारियों को उम्मीद है।

Oct 3, 2024 - 21:39
 0  78
टूटा 60 दिन का सन्नाटा, बाजार गुलजार और कारोबारियों के चेहरों पर चमक लौटी, सबसे ज्यादा भीड़ यहां

ताजनगरी के बाजारों में रौनक बढ़ने और कारोबार में तेजी आने के बाद दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं। पिछले कुछ समय से मंदी की मार झेल रहे दुकानदारों को भी त्योहारी मौसम से बड़ी उम्मीद हैं। आर्थिक जगत से जुड़े माहिरों का कहना है कि दशहरा, दीपावली के बाद नए वर्ष से लेकर मार्च तक विवाह-शादियों का सीजन के कारण बाजार में चहल-पहल रहेगी।

बता दें कि विगत दो माह कारोबार ने आर्थिक मार झेली है। श्राद्धपक्ष में बाजार रहा सुस्त। 15 दिनों तक श्राद्ध पक्ष के चलते बाजार सूने रहे। श्राद्ध पक्ष को खरीदारी को लेकर श्रेष्ठ नहीं माना जाता है। ऐसे में व्यापारियों ने भी इन दिनों में आगामी फेस्टीवल सीजन को लेकर गोदामों में माल स्टॉक करने में लगे रहे। वहीं बारिश के सीजन में उत्पादन कम हुआ। इससे बाजार में माल की उपलब्धता नहीं बन पाई।

अब नौ दिन तक मां की आराधना के बाद दशहरा, करवा चौथ उसके बाद दीपावली की रौनक रहेगी। इसके बाद भी विवाह के शुभ मुहूर्त होने से व्यापारियों के चेहरे अब चमकने लगे हैं। उन्हें अब लगातार अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है।


नवरात्र के पहले दिन ही बाजारों में रौनक नजर आई। सूनसान चल रहे बाजार गुलजार दिखे। पुराने बाजारों से लेकर नूरी दरवाजा, राजा मंडी, सदर, संजय प्लेस, शाहगंज, कमलानगर, खंदारी के बाजारों में अच्छी भीड़ दिखी। इससे अंदाजा लग रहा था कि लोग श्राद्ध पक्ष के बाद खरीददारी के लिए निकले हैं। यह रौनक लगभग हर सेक्टर में थी। ज्वेलर्स के यहां त्योहारी सीजन की चहल कदमी दिखी। मकान की साज—सज्जा और त्योहार से जुड़ा सामान काफी खरीदा जा रहा था। सबसे ज्यादा भीड़ कपड़ा मार्केट में नजर आई। खुद के साथ ही लोग बच्चों को भी नए कपड़े दिलाने निकले थे। आँटो सेक्टर ग्राहकों को आकर्षित करने को नई-नई स्कीम लाँच करने की तैयारी में है। 


लंबे समय से शहर के व्यापारी कारोबारी त्यौहारी सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पिछली बार की तुलना इस बार सीजन लंबा चलेगा। इसका आर्थिक तौर पर सभी को लाभ होगा। व्यापारियों ने यह भी कहा कि पिछले सप्ताह मौसम में गर्मी थी, लेकिन अब मौसम में ठंडक घुलने लगी है। ऐसे में लोग खरीदारी को बाहर निकल रहे हैं। दशहरा और करवाचौथ को लेकर आर्डर एक—दो दिन में शुरू हो जाएंगे। 


आज माँ दुर्गा के भक्तों ने शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना की और विधि-विधान से पूजा और अनुष्ठान प्रारंभ किए, जो नवमी तक चलेंगे। आज पहले दिन  मां शैलपुत्री की आराधना की गई। नौ दिनों तक मां के विभिन्न स्वरूपों की विधि-विधान से पूजन- अर्चना की जाएगी। शहर के सभी देवी मंदिरों में भव्य सजावट की गई है। इसे लेकर भी बुधवार शाम से ही बाजारों और मंदिरों में रौनक दिखने लगी थी। देर रात तक बाजारों में रौनक रही। पूजन सामग्री, मूर्तियों और फलों की दुकानों पर काफी भीड़ रही।

आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल का मानना है कि दो माह व्यापार के लिए बेहतर साबित होंगे। व्यापार के हर सेक्टर में ख़रीदारी बढ़ेगी। भारी बारिश के चलते मिलों में निर्माण प्रक्रिया बाधित रही पर अब वहाँ भी उत्पादन शुरू हो गया है। दुकानदारों ने कंपनियों को आर्डर दे दर। त्यौहारी सीजन के साथ ही शादियों का दौर भी प्रारंभ हो रहा है। इसलिए बाजार गुलजार दिखेंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor