दिल्ली में ब्रजवासी होली मिलन समारोह में राजनाथ सिंह सहित जुटे कई दिग्गज

नई दिल्ली। भाजपा किसान मैक्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुरसीकरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजकुमार चाहर की पहल पर दिल्ली में बसे बृजवासियों के लिए पहला बृजवासी होली मिलन एवं सांस्कृतिक समारोह का आयोजन कर दिल्ली में रह रहे ब्रजवासियों को मजबूती देने की दिशा कदम उठा दिया है।

Mar 20, 2025 - 21:37
 0
दिल्ली में ब्रजवासी होली मिलन समारोह में राजनाथ सिंह सहित जुटे कई दिग्गज

सांसद राजकुमार चाहर के दिल्ली में रह रहे ब्रजवासियों को जोड़ने की पहल लाई रंग 

सांसद चाहर के दिल्ली स्थित 189 नार्थ एवेन्यू आवास पर आयोजित समारोह में न केवल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे, बल्कि कई केंद्रीय मंत्रियों, पक्ष- विपक्ष के सांसदो, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और कई भाजपा दिग्गजों का जमावड़ा रहा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिल्ली में रह रहे बृजवासियों को एक मंच पर लाकर उनके बीच आपसी मेल-जोल को बढ़ावा देना और उन्हें अपनी संस्कृति व परंपराओं से जोड़े रखना था।

कार्यक्रम की शुरुआत श्रीकृष्ण आराधना और बृज की पारंपरिक होली के साथ हुई। इसके बाद लोकनृत्य, भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने बृज की प्रसिद्ध लठमार होली, फूलों की होली और फाग के गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो गया।

होली मिलन समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि होली का त्योहार हर्ष, उल्लास और नवीन ऊर्जा का प्रतीक है। आज दिल्ली में सभी बृजवासियों को एक साथ बृजवासी होली मिलन समारोह में देख कर आपसी भाईचारे और आनंद की अनुभूति हो रही है। 

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सांसद चाहर द्वारा आयोजित बृजवासी होली मिलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सम्मिलित होकर उन्होंने ब्रज क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के अद्भुत संगम को अनुभव किया है। 

मेरठ सांसद अरुण गोविल ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है। प्रेम का त्योहार है। इस बार उन्होंने पहली बार होली दिल्ली में ब्रजवासियो के साथ मनाई है, जबकि वह 3 साल ब्रज में रहे हैं। उनका ब्रज से पुराना नाता है। 

जमकर झूमे ब्रजवासी 

होली मिलन समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में होली रे रसिया, होली के गीतों पर जमकर बृजवासियों ने नृत्य किया साथ ही सभी को गले मिलकर होली की बधाई दी। 

इस अवसर पर सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि दिल्ली में बसे बृजवासी हमारी संस्कृति और परंपराओं के संवाहक हैं। यह आयोजन उन्हें एक मंच पर लाने और उनके बीच आपसी संवाद को बढ़ाने का एक प्रयास है। होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और एकता का प्रतीक है और यही संदेश इस आयोजन के माध्यम से दिया गया है।

होली के रंगों में सराबोर हुआ ब्रज समाज

यह आयोजन दिल्ली में बसे बृज समाज के लिए न केवल सांस्कृतिक उत्सव था, बल्कि यह एक सामाजिक मिलन समारोह भी साबित हुआ। जिसमें हर उम्र और वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर शामिल हुए। उन्होंने अपनी संस्कृति से गहराई से जुड़ने का अनुभव किया।

दिग्गज हस्तियां रहीं मौजूद 

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, गिरिराज सिंह, जितिन प्रसाद, यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर, एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले, सांसद राजकुमार सागवान, सतीश गौतम, नवीन जैन, भोला सिंह, अरुण गोविल, हनुमान बेनीवाल, डॉ. निशिकांत दुबे, उमेश पटेल, मनोज तिवारी, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा, सांसद चंद्रशेखर आजाद, नवीन जिंदल, रमेश अवस्थी, अनूप प्रधान, दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान आदि।