निरंतर बारिश से गांवों में भी तबाही, फसलें जलमग्न

आगरा। बीते कल से लगातार हो रही बरसात की वजह से शहर से लेकर देहात तक जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीण इलाकों से जर्जर मकानों के धराशायी होने की खबरें मिल रही हैं। गांवों के तालाब ओवरफ्लो करने लगे हैं। खेत पानी से लबालब भर गए हैं, जिसकी वजह से फसलें बर्बाद होने का खतरा पैदा हो गया है। इतनी बारिश से लोग हैरान हैं, क्योंकि बारिश का सिलसिला रुक ही नहीं पा रहा।

Sep 12, 2024 - 15:02
 0  50
निरंतर बारिश से गांवों में भी तबाही, फसलें जलमग्न

 

 

 

पिनाहट क्षेत्र के ग्राम पड़ुआपुरा में कल शाम से हो रही तेज बारिश से एक मकान में पानी भर गया, जिससे एक दीवार भरभरा कर गिर गई। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई। पिनाहट ब्लाक में ही तेज बारिश से तमाम गांवों में पानी बैक मारने लगा है क्योंकि वर्षाजल का संजय करने वाले तालाब ओवरफ्लो होने लगे हैं। लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। पशुओं के चारे का संकट पैदा हो गया है। घरों में पानी भरने से भी लोगों को बहुत नुकसान पहुंच रहा है। कई अन्य गांवों में भी जर्जर मकानों की दीवारें गिरने की घटनाएं हुईं। हालांकि इसमें किसी के दबने की कोई सूचना नही है। खेतों में भी पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

 

पिनाहट में किले की दीवार गिरी

पिनाहट कस्बे के हाथा किला मोहल्ले में प्राचीन किले की एक दीवार भी भारी बारिश की वजह से ढह गई। किले के पास बने मकानों में भी दरारें आने से लोग अपने घरों को लेकर चिंतित हैं। किले की दीवार गिरने से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। किले के ऊपर भी तमाम लोगों ने अपने मकान बना लिए हैं। दीवार गिरने से इन मकानों पर भी संकट गहरा गया है।

 

शमसाबाद ब्लाक में पिछले 24 घंटों से निरंतर हो रही बरसात की वजह से किसानों की फूलगोभी की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। फसल पानी में डूब चुकी है। इस ब्लाक में बड़ी संख्या में फूल गोभी की फसल उगाई जाती है। खेतों के जलमग्न होने से गोभी के पौधे नष्ट होने का खतरा है। इसके अलावा मक्का, बाजरा जैसी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

 

बाह, फतेहाबाद, खेरागढ़, जगनेर, सैंया, कागारौल, किरावली, फतेहपुरसीकरी, अछनेरा, अकोला, बिचपुरी, बरौली अहीर, एत्मादपुर और खंदौली ब्लाकों के गांवों में भी बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लोग कल से घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे। किसानों को अपनी फसलों की चिंता सता रही है क्योंकि जिधर देखो उधर खेतों में पानी ही पानी नजर आ रहा है। खेतों में खड़ी फसलें भी जलमग्न हैं।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow