जमीनी विवाद में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजों में चलीं गोलियां, एक की मौत
भागलपुर। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली लगने से आज सुबह मौत हो गई। घटना बिहार के भागलपुर की है। नवगछिया के परबत्ता थाना अंतर्गत जगतपुर में भाई-भाई में विवाद हो गया। जिसके बाद बात खून-खराबा तक पहुंच गई। रिश्ते में ये दोनों भाई केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे लगते हैं।

कहा जा रहा है कि पानी के विवाद को लेकर विश्वजीत यादव और जयजीत यादव में अनबन हुई। इसी विवाद में भाई-भाई में गोली चल गई। घटना में विश्वजीत की मौत हुई है। जयजीत को भी गोली लगी है। वह बुरी तरह घायल है।
घटना में नित्यानंद राय की चचेरी बहन भी गोली लगने से घायल हुई हैं। चिना देवी को बीचबचाव में गोली लग गई। घायलों को इलाज के लिए पहले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस छानबीन में जुट गई है। सीसीटीवी कैमरों से फुटेज को खंगाला जा रहा है।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही नवगछिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही रेंज आईजी विवेक कुमार ने नवगछिया के एसपी को हालात का जायजा लेने का निर्देश दिया। एफएसएल की टीम भी पूरे मामले में जुटी गई है।
मृतक विश्वजीत यादव की पत्नी मनीषा ने बताया कि मामला जमीन विवाद का वर्षों से चल रहा है। आज छोटे विवाद से यह बड़ा रूप ले लिया। मनीषा ने यह भी बताया कि यह विवाद जमीन को लेकर रात में भी हुआ था। रोते हुए कहा कि मेरे दो दो बच्चे हैं. अब कैसे रखूंगी?
दोनों भाइयों में मरने वाला विश्वजीत बड़ा था। दोनों भाइयों की उम्र 34-35 साल के करीब होगी। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया है। घायल मां और बेटे को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।