हमले में बाल-बाल बचा हाफिज सईद, करीबी आतंकी अबू कताल मारा गया

इस्लामाबाद। भारत का मोस्ट वांटेड लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी अबू कताल पाकिस्तान में मारा गया। लश्कर ए तैयबा का सरगना हाफिज सईद इस हमले में बाल-बाल बचा। शनिवार शाम को हुए एक हमले में उसकी मौत हो गई। उसने भारत में कई आतंकी हमलों को अंजाम दिया था। एनआईए ने उसके खिलाफ चार्जशीट भी दायर कर रखी थी।

Mar 16, 2025 - 10:23
Mar 16, 2025 - 11:37
 0
हमले में बाल-बाल बचा हाफिज सईद, करीबी आतंकी अबू कताल मारा गया

लाहौर में बाईपास पर गोलियों से भूना

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के लाहौर के मंगला बाईपास में जब शनिवार की शाम को अबू कताल पर हमला हुआ, उस समय आतंकी हाफिज सईद भी उसके साथ मौजूद था। अज्ञात बंदूकधारी ने कताल को गोलियों से भून दिया। इस घटना के बाद से ही हाफिज सईद लापता है। बताया जाता है कि वह बाल-बाल बच गया है। इस हमले के बाद डर से कहीं छिप गया है।

आतंकी अबू कताल, हाफिज सईद का बेहद करीबी माना जाता था। हाफिज मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है। 26/11 मुंबई अटैक में 166 लोगों की मौत हुई थी। लश्कर के करीब 10 आतंकियों ने मुंबई में अलग-अलग जगहों पर हमला किया था।

अबू कताल कई आतंकी वारदातों में शामिल रहा

अबू कताल की बात करें तो इसने बीते 9 जून को जम्मू-कश्मीर के रियासी में शिव-खोड़ी मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों से भरी बस पर हमला किया था। इसके अलावा कश्मीर में कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड भी अबू कताल को माना जाता है। एनआईए ने 2023 के राजौरी हमले में अबू कताल को ही जिम्मेदार ठहराया था।

एक जनवरी, 2023 को राजौरी जिले के ढांगरी गांव में आतंकवादी हमला हुआ था। उसके अगले दिन आईईडी ब्लास्ट हुआ था। इन हमलों में दो बच्चों समेत सात लोग मारे गए थे और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में एनआईए ने जिन 5 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी, उनमें तीन पाकिस्तानी आतंकी भी शामिल थे।

एनआईए ने अपनी चार्जशीट में लश्कर के तीन आतंकियों को इस हमले का मास्टरमाइंड बताया। जिनकी पहचान सैफुल्लाह उर्फ साजिद जट्ट, मोहम्मद कासिम और अबू कताल उर्फ कताल सिंघी के रूप में हुई।

SP_Singh AURGURU Editor