फिरोजाबाद से आकर आगरा में अवैध हथियार बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश
आगरा। फिरोजाबाद से आकर आगरा में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने गैंग के सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस ने गैंग के सरगना सहित तीन को गिरफ्तार किया
एडिशनल पुलिस कमिश्नर संजीव त्यागी ने थाना हरीपर्वत में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि एसओजी, सर्विलांस और थाना सदर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा। अभियुक्त आदिल और अमजद फिरोजाबाद से आगरा आकर हथियारों की सप्लाई करते थे।
उन्होंने बताया कि टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से टीम ने 222 जिंदा कारतूस, 10 खाली खोखे बरामद किए। इन दोनों की निशानदेही पर टीम ने फिरोजाबाद में छापेमारी की और गैंग के सरगना शुभम पंडित को भी गिरफ्तार कर लिया।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गैंग का सरगना शुभम वैध लाइसेंस की आड़ में अवैध हथियारों का कारोबार कर रहा था। टीम ने उसके पास से 5 पिस्टल, 5 तमंचे और 2 लाइसेंसी हथियार बरामद किए हैं।
एडिशनल सीपी ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ़्तारी के बाद पुलिस गिरोह ने कितने हथियार आगरा में बेचे, उसकी जांच कर रही है। पुलिस अवैध हथियार खरीदने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। एडिशनल सीपी ने गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम को 15 हजार का रिवॉर्ड देने की घोषणा की।