जनकपुरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर कोई प्रभु दर्शन को लालायित

आगरा। जनकपुरी में आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है। हर कोई प्रभु राम और माता जानकी के दर्शन की लालसा लिए जनक महल की ओर बढ़े चला जा रहा था। भीड़ का रेला का रेला जनकपुरी में चला आ रहा है।

Sep 29, 2024 - 22:41
 0  120
जनकपुरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर कोई प्रभु दर्शन को लालायित

सियाराम के गठजोड़ में बंधने के बाद जनक आवास (इंद्रा कालोनी, शाहगंज) से सियाराम बैंडबाजों संग जनकपुरी का भ्रमण करते हुए मुख्य मंच पर पहुंच चुके थे। मंच पर परिवार संग प्रभु राम के पहुँचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने उनकी आरती उतारी। 

इससे पूर्व घोड़े और रथों पर सवार पिता राजा दशरथ, गुरु वशिष्ठ, विश्वामित्र, लक्ष्मण, भरत, शत्रुध्न के साथ प्रभु राम ने जनक आवास से जनक महल के लिए प्रस्थान किया। जगह-जगह श्रीराम संग जनकदुलारी के दर्शन को श्रद्धालुओं की भीड़ जमा उमड़ी हुई है। लोग कहीं दीप प्रज्ज्वलित कर सियाराम की आरती उतारने के लिए बाट जोह रहे थे तो कहीं हाथों में फूल लिए स्वागत के लिए इंतजार।  

प्रभु राम के जनक मंच पर पहुँचने से पहले जनक महल के मुख्य मंच पर भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। 
मंच पर स्वरूपों के पहुंचने के बाद उनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है। कोई दूर से स्वरूपों संग सेल्फी ले रहा है तो कोई हाथ जोड़कर प्रणाम। श्रद्धा और भक्ति के पवित्र भावों के साथ जनकपुरी में बिखरी जगमग रोशनी और रामचरित मानस की चौपाईयों की स्वरलहरियों से वातावरण मिथिलानगरी से कुछ कम प्रतीत नहीं हो रहा। 

मंच पर विराजमान सभी स्वरूपों की सियाराम संग आरती श्रीजनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों द्वारा की गई। मुख्य रूप से अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, गौरव राजावत, राहुल चतुर्वेदी, राजीव शर्मा, अनुराग उपाध्याय आदि उपस्थित थे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन रमन, हेमंत भोजवानी, रवि नारंग व आशीष कर रहे हैं। 
 
खूब खींच रहे सेल्फी

आगरा। जनकदुलारी को ब्याहने आए श्रीराम के आगमन पर आज जनकपुरी दुल्हन की तरह सजी हुई है। कहीं सतरंगी फूलों की रंगत फैली है तो कहीं झिलमिलाती रोशनी से मिथिलानगरी जगमगा रही है। जगह-जगह आकर्षक झांकियां भक्तों को आकर्षित कर रहीं हैं। जीआईसी ग्राउंड के रास्ते पर समुन्द्र मंथन की झांकी सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। 

लोहामंडी जयपुर हाउस रोड पर श्रीहरि के हाथ में सुदर्शन की झांकी संग लोग परिवार सहित सेल्फी खिंचवा रहे हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor