दशरथ महल में कल राम जन्म, भजन संध्या संग हुआ वृद्धजन सम्मान

आगरा। राजा दशरथ महल पर रविवार को भी भजन संध्या में भक्ति की बयार बही। इस दौरान वृद्धजनों का सम्मान भी हुआ।

Sep 22, 2024 - 20:30
Sep 22, 2024 - 20:48
 0  7
दशरथ महल में कल राम जन्म, भजन संध्या संग हुआ वृद्धजन सम्मान

प्रख्यात होम्योपैथी चिकित्सक डा. आरएस पारीक ने इस मौके पर बच्चों में संस्कार पर जोर देते हुए कहा कि हर समस्या का समाधान श्रीरामचरित मानस है। समाज में जो अशांति और कलह बढ़ रही है, उसका कारण संस्कारहीनता है।

 राजा दशरथ स्वरूप संतोष शर्मा के निवास पर वृद्धजन सम्मान समारोह का शुभारम्भ संतोष शर्मा व उनकी धर्मपत्नी ललिता शर्मा ने सियाराम के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संतोष शर्मा ने अपने परिवार संग सभी वृद्धजनों का स्वागत माला पहनाकर व श्रीकृष्ण की मूर्ति संग श्रीरामचरित मानस भेंट कर किया। 

सम्मानित होने वाले वृद्धजनों में डॉ. आरएस पारीक-गीता पारीक, रामलीला कमेटी के विष्णु दयाल बंसल, मोहनलाल, श्रीमति माया कलसी, एसके एडवोकेट, डॉ. सुरेश चंद चतुर्वेदी-आशा चतुर्वेदी, श्रीमति पुष्पा श्रीवास्तव, भगवान दास बंसल, यूसी सेठ, मीता टंडन थे।

भजन संध्या में बिखरे श्रीहरि की भक्ति के रंग

आगरा। मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे, राम आएंगे..., हनुमत डटे रहना आंगन में, जब तक कथा राम की होए... जैसे भजनों से आज दशरथ महल गूंज रहा था। ढोलक की थाप और मंजीरों की झंकार पर कभी राधा रानी को कभी श्रीहरि का महिमा के स्वर बिखरे तो अयोध्या की सखियों के नृत्य ने अपने भक्तिभाव से माहौल को और भी आनन्दित कर दिया। 

रानी कौशल्या स्वरूप ललिता शर्मा खुशी से गदगद थीं। मानों उनका घर सच में अयोध्या धाम बन गया। विध्नविनाशक श्रीगनेश की वंदना से प्रारम्भ हुई भजन संध्या में महिलाओं ने उत्साह व उमंग के साथ भाग लिया और रानी कौशल्या संग खूब नृत्य भी किया। 

दशरथ महल में कल यानि सोमवार को राम जन्म होगा। इसकी व्यापक तैयारियां चल रही हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow