मातहतों की करतूत पर माफी मांग डीसीपी सिटी ने खत्म कराई डाक्टरों की हड़ताल
आगरा। सिकंदरा थाना पुलिस की करतूत की वजह से पुलिस अधिकारियों को कई बार चिकित्सकों के हाथ जोड़ने पड़े हैं। शुक्रवार को एएसपी आदित्य कुमार ने कई बार माफ़ी मांगी थी और शनिवार को डीसीपी सिटी सूरज राय ने भी माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वह काफी शर्मिंदा हैं। जो हुआ वह नहीं होना चाहिए था। दो और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही महिला के द्वारा भी चिकित्सक से माफी मांगी जाएगी। इसके बाद डॊक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है।

-दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी, महिला से माफी मंगवाई जाएगी
इस घटना को लेकर आईएमए द्वारा शुक्रवार 4:00 बजे से हड़ताल की घोषणा की गई थी। शुक्रवार शाम से दो हजार डॉक्टर हड़ताल पर थे। प्राइवेट अस्पताल, क्लिनिक सहित पैथोलॉजी भी बंद थीं। डॉक्टरों के द्वारा इमरजेंसी पेशेंट भी नहीं देखे गए। ऐसे में एसएन मेडिकल कॉलेज में भीड़ बढ़ गई थी।
डीसीपी सिटी सूरज राय के हस्तक्षेप से डॉक्टरों और प्रशासन के बीच सहमति बनी। आईएमए भवन में ढाई घंटे की बैठक चली, जिसमें फैसला हुआ कि डॉक्टर से अभद्रता करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी। जिस महिला पर डॉक्टर से अभद्रता करने का आरोप था, वह डीसीपी सिटी ऑफिस में लिखित माफीनामा देने को तैयार हो गई है। इसके बाद हड़ताल वापस लेने का फैसला लिया।
आगरा के डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय और आईएमए के बीच हुई वार्ता के बाद डॊक्टरों ने अपनी हड़ताल 24 घंटे बाद वापस ले लिए जाने से सभी ने राहत की सांस ली है। इसी के साथ शहर में चिकित्सकीय सेवाएं बहाल हो गईं। डॊक्टरों की हड़ताल से पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूले हुए थे।
डॊ. अविनाश सिंह के साथ कथित रूप से अभद्रता करने में दो पुलिसकर्मियों को पहले ही लाइन हाजिर किया जा चुका था। डीसीपी सिटी सूरज राय ने आईएमए पदाधिकारियों से वार्ता के दौरान भरोसा दिया कि सिकंदरा चौराहे पर तैनात दो ट्रैफिक सब इंस्पेक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।