मायूस चेहरे, हर तरफ क्रंदन, हर आंख नम, सैमरा में 14 शव हुए सुपुर्दे खाक

विगत दिवस हाथरस में हुए सड़क हादसे में सैमरा गांव के मृतकों को आज सुपुर्दे खाक किया गया। पूरा गांव ही गमगीन हो गया।

Sep 7, 2024 - 14:45
Sep 7, 2024 - 15:03
 0  144
मायूस चेहरे, हर तरफ क्रंदन, हर आंख नम, सैमरा में 14 शव हुए सुपुर्दे खाक

सैमरा गांव में हर तरफ मातम था। श्मशान जैसी खामोशी। हर आंख नम, हर चेहरे पर बदहवासी। हिंदू हो या मुसलमान, कल शाम से किसी के घर में चूल्हा नहीं जला। किसी ने अन्न का एक दाना मुंह में नहीं डाला। 
सैमरा के सरकारी स्कूल में रखे 14 जनाजे एक साथ देखकर कलेजा मुंह को आ रहा था। ना वहां कोई हिंदू था ना मुसलमान। हर आंख रो रही थी, मानो हर किसी ने अपने खो दिए हों। 
  भूखे पेट कब्र खोदने वाले युवाओं की आंखों से भी आंसू थम नहीं रहे थे। गीली मिट्टी में कब्र खोदना भारी काम  था। बार-बार मिट्टी खिसक कर गिर रही थी। बमुश्किल काफी मशक्कत के बाद कब्रें खोदी जा सकीं।
गांव के हिंदू कल शाम से ही अपने मुस्लिम भाइयों को ढाढ़स बंधाने में लगे थे।  इतने शव एक साथ एक खानदान के। समय का चक्र भी यहां ठहरा नजर आ रहा था। नि:शब्द थे लोग। उनके मुंह से बोल फूट नहीं रहे थे। ऐसा आलम किसी ने पहले कभी नहीं देखा था।  
 जब 14 जनाजे सुपुर्दे खाक के लिए एक साथ उठे तो गांव में हर तरफ से सुनाई दिया करुण क्रंदन।  रोने की आवाजें हर ओर से आ रही थीं लग रहा था जैसे पूरी कायनात ही रो रही हो।
सैमरा के सरकारी स्कूल से कब्रिस्तान लगभग एक किलोमीटर दूर है। जब  एक के बाद एक जनाजा और उसके साथ चलने वाले लोग साथ बढे़ तो हर तरफ केवल सिर दिखाई दे रहे थे। जब सभी शवों को सुपुर्दे खाक किया गया तो वहां मौजूद हर किसी का दिल यह  मंजर देखकर दहल उठा। 
हालांकि गांव में प्रशासनिक अधिकारियों की आवाजाही लगी हुई थी। क्षेत्रीय विधायक डा. धर्मपाल सिंह, सांसद व केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, प्रदेश के केबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी गांव में पहुंचे और लोगों के दुख में शामिल हुए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख के तथा घायलों के परिजनों को पचास हजार के चेक दिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow