किन्नर अखाड़े में फिर विवाद, हिमांगी सखी को उन्हीं के कैंप में पीटा गया

प्रयागराज। महाकुम्भ से अखाड़ों की विदाई की बेला में किन्नर अखाड़े में एक बार फिर से अंतर्कलह उभर आई है। इस अखाड़े से जुड़ी जगदगुरु हिमांगी सखी ने आरोप लगाया है कि किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कुछ लोगों के साथ उन पर हमला किया है। उन्हें बुरी तरह पीटा गया है, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हिमांगी सखी का यह भी आरोप है कि उनके कैंप में लूटपाट भी  गई।

Feb 9, 2025 - 19:28
 0
किन्नर अखाड़े में फिर विवाद, हिमांगी सखी को उन्हीं के कैंप में पीटा गया
किन्नर अखाड़े की हिमांगी सखी, जिन पर जानलेवा हमला हुआ है।

-अखाड़े की आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी पर है जानलेवा हमले और लूटपाट का आरोप

बता दें कि हिमांगी सखी ने किन्नर अखाड़े की आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी द्वारा फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाए जाने का विरोध किया था। हिमांगी सखी का कहना था कि यह अखाड़ा किन्नरों के लिए है तो फिर एक महिला (ममता कुलकर्णी) को इसमें क्यों शामिल किया गया है। हिमांगी सखी के इस बयान के बाद हिमांगी और लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के बीच विवाद की खबरें भी सामने आई थीं।

अब जबकि महाकुम्भ से संतों के अखाड़े वापस लौटने लगे हैं, तब हिमांगी सखी पर हुए हमले से सनसनी फैल गई है। हिमांगी सखी का कहना है कि उन पर हमला उन्हीं के कैंप में हुआ। खुद आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और उनके साथ आए दर्जनों लोगों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। यही नहीं, ये लोग उनके कैंप से लाखों रुपये और कीमती जेवरात भी लूट ले गए।

SP_Singh AURGURU Editor