भाजपा का सदस्य बनने के बाद कार्यकर्ताओं से बोले योगी- हर उस व्यक्ति तक जाइए जो हमारी प्रतीक्षा कर रहा है

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनने के साथ यूपी में भाजपा का सदस्यता अभियान प्रारंभ हो गया।

Sep 3, 2024 - 17:17
 0  190
भाजपा का सदस्य बनने के बाद कार्यकर्ताओं से बोले योगी- हर उस व्यक्ति तक जाइए जो हमारी प्रतीक्षा कर रहा है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सदस्यता रसीद प्रदान करते प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान।

इस अवसर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि वे साधारण और सक्रिय सदस्य बनाने के टारगेट में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रति लोगों के मन में श्रद्धा और सम्मान का भाव है।

उत्तर से लेकर दक्षिण तक, पूरब से लेकर पश्चिम तक, भारत की माटी से प्यार करने वाला हर व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी से जुड़ना चाहता है। 

सीएम ने कहा कि जब हम लोग उन तक पहुंचते नहीं हैं तो उनको पीड़ा होती है। तब वह उन संकीर्णताओं के दायरे में आ जाते हैं, जो जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर भारत के सामाजिक ताने बाने को छिन्न भिन्न करने के लिए फैलाई जाती हैं। इन स्थितियों में हमें हर उस व्यक्ति तक पहुंचना है जो हमारी प्रतीक्षा कर रहा है। 
हमारा लक्ष्य एक ही होना चाहिए कि "राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहाँ बिश्राम..."। 

इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सदस्यता अभियान के तहत टोल फ्री नंबर डायल कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। 

-सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी पार्टी है भाजपा- 

अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी न केवल वर्तमान में पूरे देश में अपना सर्वव्यापी स्वरूप बनाने में सफल हुई है, बल्कि सर्वस्पर्शी भी बनी है और समाज के हर एक तबके को अपने साथ जोड़ने में पार्टी ने अपनी इस यात्रा में सफलता पाई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने पद को इसलिए छोड़ दिया, क्योंकि तत्कालीन सरकार स्वयं ही देश की संप्रुभता के लिए खतरा बन रही थी। कश्मीर के मुद्दे को लेकर डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान इसका उदाहरण है।  

-लाभार्थी को सदस्य बना कर सेल्फी भेजें-

सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि हमें हर उन व्यक्तियों तक पहुंचना है जो हमारी प्रतीक्षा कर रहे हैं। जिसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, विद्युत कनेक्शन का लाभ मिला है, अगर हम उसके घर जाएंगे, उसके साथ सेल्फी लेंगे और उसी मोबाइल से उसको फिर से सदस्य बनाकर उस सेल्फी को वापस भेजेंगे तो उसको बहुत अच्छा लगेगा। सीएम ने रोजगार समेत सरकार की दूसरी कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया। प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सदस्यता रसीद प्रदान की। 

इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश संगठन के महामंत्री धर्मपाल, फॉर्मर डिप्टी सीएम एवं राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा एवं भाजपा के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor