तीन घंटे शहर में रहेंगे सीएम योगी
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज करीब तीन घंटे रहेंगे। इस बीच वह जीआईसी मैदान पर प्रदेश सरकार के आठ साल पूरे होने पर चल रहे कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही वह राजा की मंडी स्थित प्राचीन दरियानाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।

दरियानाथ मंदिर में शंखढाल कार्यक्रम में होंगे शामिल, करेंगे धर्मसभा को संबोधित
जीआईसी मैदान में सुशासन मेले में करेंगे विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण
यह पहला मौका होगा जब कोई मुख्यमंत्री दरियानाथ मंदिर पहुंचेंगे। आज से पहले अनजान सा नाथ संप्रदाय का यह मंदिर प्रदेश की सुर्खियों में आ जाएगा।
नाथ संप्रदाय के ब्रह्मलीन महंत योगी सिद्धनाथ के शंखढाल कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार से हो चुकी है। आज सीएम योगी को भव्य बग्घी में बिठाकर मंदिर लाया जाएगा। मंदिर में भैरों बाबा का पूजन करने के बाद वे धर्मसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान नाथ संप्रदाय के 18 रमतों के संत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगी पीर बालकनाथ महाराज और महंत पीर योगी शेरनाथ महाराज भी मौजूद रहेंगे।
635 करोड़ के विकास कार्यों का होगा शुभारंभ
दरियानाथ मंदिर के बाद मुख्यमंत्री जीआईसी मैदान में आयोजित सुशासन मेले में शामिल होंगे। यहां वे 635 करोड़ रुपये की 128 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
12.20 बजे आगरा आएंगे सीएम योगी
सीएम योगी गोरखपुर से चलकर मध्याह्न 12.20 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां से वह सड़क मार्ग द्वारा सीधे राजामंडी स्थित दरियानाथ मंदिर पहुंचेंगे। मंदिर में वह करीब एक घंटे रुकेंग और पूजन तथा धर्मसभा में सम्मिलित होंगे। इसके बाद सीएम योगी दोपहर 1.20 बजे जीआईसी मैदान में चल रहे सुशासन मेले में शामिल होंगे। यहां पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। दोपहर ढाई बजे वह खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे और 2.50 बजे वह आगरा से लखनऊ के लिए उड़ जाएंगे।
हाईअलर्ट पर प्रशासन
सीएम योगी के आगरा आगमन को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है। मंदिर और कार्यक्रम स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दोनों ही कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।