डीएम बेटी से मिलने कासगंज पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त
कासगंज। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आज सपरिवार तीर्थ नगरी शूकर क्षेत्र सोरों में हरिपदी गंगा घाट पहुंचकर भगवान वाराह मंदिर में पूजा पाठ किया। मुख्य चुनाव आयुक्त की डीएम बेटी मेधा रूपम भी इस दौरान मौजूद रहीं।

-सोरों के हरिपदी गंगा घाट स्थित वराह मंदिर में सपरिवार पूजा अर्चना की
मेधा रूपम कासगंज की जिलाधिकारी हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त आज कासगंज में अपनी डीएम बेटी के सरकारी आवास पर ही रात्रि विश्राम कर रहे हैं। वे कल सुबह दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
वराह मंदिर के सेवायत नरेश त्रिगुणायत ने मंत्रोच्चारण के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त और उनके परिवारीजनों को पूजा कराई। वे अपनी पत्नी, पिता व मां के साथ कासगंज पहुंचे। वराह मंदिर में मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ उनके पिता डॊ. सुबोध गुप्ता, मां सत्यवती, पत्नी अनुराधा गुप्ता, पुत्री और कासगंज की डीएम मेधा रुपम के अलावा अन्य परिवारीजन साथ थे। मंदिर के महंत ने उन्हें भगवान वराह की तस्वीर भेंट की और चुनरी ओढाकर सम्मानित किया।
ज्ञातव्य है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मूल रूप से आगरा के हैं। बुधवार को ही देश के नव नियुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पदभार ग्रहण किया है और शनिवार को वे अपनी बेटी से मिलने के लिए कासगंज पहुंच गए।