8 और 9 सितंबर को यूपी के हर जिले के व्यापारी नेता आगरा में करेंगे व्यापार की चुनौतियों पर मंथन

आगरा। आगरा में 22 वर्ष बाद एक बार फिर उत्तर प्रदेश के व्यापारी उद्योग और व्यापार से जुड़ी समस्याओं, चुनौतियों और उनके समाधान तथा भविष्य की संभावनाओं पर मंथन करने के लिए एकजुट होने जा रहे हैं। यह आयोजन आगामी 8 और 9 सितम्बर को आगरा व्यापार मंडल के बैनर तले वाटर वर्क्स चौराहा स्थित अग्रवन के राजकुमार सामा सभागार में होगा।

Sep 1, 2024 - 16:12
Sep 1, 2024 - 16:16
 0  410
8 और 9 सितंबर को यूपी के हर जिले के व्यापारी नेता आगरा में करेंगे व्यापार की चुनौतियों पर मंथन
वाटरवर्क्स स्थित अग्रवन में उप्र उद्याेग व्यापार मंडल के प्रांतीय अधिवेशन एवं त्रिवार्षिक चुनाव के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते प्रदेश उपाध्यक्ष राज कुमार अग्रवाल, महामंत्री राजेंद्र कुमार गुप्ता, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल एवं अन्य।


दरअसल यह उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल का प्रांतीय अधिवेशन है। इसमें संगठन का चुनाव भी होगा। इस आयोजन के आमंत्रण पत्र का विमोचन समारोह रविवार को संगठन के पदाधिकारियों ने किया। 

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राज कुमार अग्रवाल और प्रदेश महामंत्री राजेंद्र कुमार गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि 22 वर्ष बाद आगरा दूसरी बार उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय अधिवेशन एवं त्रिवार्षिक चुनाव का आतिथ्य करेगा। 8 सितंबर को प्रदेश के वित्तमंत्री एवं राष्ट्रीय जीएसटी काउंसिल के सदस्य सुरेश खन्ना मुख्य अतिथि होंगे।  उद्घाटन करेंगे भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह। 
इनके समक्ष प्रदेश भर के व्यापारी और उद्यमी अपनी समस्याएं रखेंगे। इसके साथ ही अधिवेशन में नई चुनौतियों और समाधान पर मंथन भी होगा। वर्तमान परिदृश्य की संभावनाओं पर चर्चा भी होगी। 

आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि अधिवेशन में 75 जिलों और 350 तहसीलों के व्यापारिक संगठनों के 1500 से अधिक प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि अधिवेशन के प्रथम दिन कई प्रस्ताव पास होंगे। जीएसटी में सुधार, आयकर में छूट के लिए सुझाव, एमएसएमई में सुधार की संभावनाओं को लेकर वित्तमंत्री सुरेश खन्ना और उप्र उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। 

प्रातः साढ़े दस बजे उद्घाटन सत्र के बाद आगरा व्यापार मंडल का प्रस्तावना सत्र 12 बजे से 2 बजे तक चलेगा। सायं 4 बजे से सम्मान समारोह एवं रात्रि 8 बजे से सांस्कृतिक समारोह होगा।  

उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश के व्यापारियों और उद्यमियों में समस्या समाधान को लेकर नई अलख जगाई जाएगी, ताकि प्रदेश के व्यापारियों की आवाज पूरे देश के व्यापारियों के साथ मिल सके। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को सुबह 10 से 12 बजे तक प्रांतीय अधिवेशन, 12 बजे से 4 बजे तक त्रिवार्षिक चुनाव एवं समापन होगा। 

आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर उपाध्यक्ष राज कुमार अग्रवाल, महामंत्री राजेंद्र कुमार गुप्ता, टी एन अग्रवाल, जय प्रकाश अग्रवाल, जय किशन पुरसनानी, राजेश अग्रवाल, संदीप गुप्ता, दुष्यंत अग्रवाल, योगेश रकवानी, नंद किशोर गोयल और संजय गोयल आदि उपस्थित रहे। 


शहर के गणमान्य उद्यमी होंगे सम्मानित 
आगरा व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक मंगवानी ने बताया कि प्रांतीय अधिवेशन के प्रथम दिन शहर के गणमान्य उद्यमी सम्मानित किये जाएंगे। साथ ही वरिष्ठ व्यापारियों का सम्मान भी किया जाएगा।  भामाशाह सम्मान महेश गोयल, शंकरलाल दुहानी, राजीव अग्रवाल, दीनदयाल अग्रवाल, विष्णु कुमार गोयल, राजेंद्र कुमार गुप्ता को प्रदान किया जाएगा। वरिष्ठ व्यापारीजन सम्मान से रोचलदास नागरानी, लक्ष्मीनारायण अग्रवाल, मदन लाल अग्रवाल, मोहनलाल सिंघल, पन्नालाल अग्रवाल, भूपेंद्र कुमार वर्मा और श्रीभगवान रैपुरिया को सम्मानित किया जाएगा। 

इस तरह हुई थी व्यापार मंडल की स्थापना 
आगरा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 1964 के आसपास जब व्यापारी वर्ग बिक्रीकर विभाग के उत्पीड़न से ग्रसित था। तब व्यापारियों को संगठित कर उनकी आवाज सरकारों तक पहुंचाने के लिए लाल विशम्भर दयाल अग्रवाल (लखनऊ) की अध्यक्षता में पंडित श्याम बिहारी मिश्रा (कानपुर) ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन संगठन बनाया था। इसके बाद लाल विशम्भर लाल अग्रवाल, श्याम बिहारी मिश्रा आदि प्रदेश दौरे पर निकले और व्यापारियों की समस्याएं समझीं। आगरा में 1974 में व्यापारिक वर्ग को उत्पीड़न से बचाने और उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाने के ध्येय के साथ आगरा व्यापार मंडल का गठन किया गया। 22 वर्ष पूर्व तत्कालीन अध्यक्ष राजकुमार सामा के नेतृत्व में प्रदेश स्तरीय अधिवेशन आगरा में हुआ था। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow