भाजपाः आगरा मंडल में एक बाकी, अलीगढ़ मंडल में एक जिलाध्यक्ष घोषित

आगरा। भाजपा ने जिलाध्यक्षों के चयन में आगरा और मंडल में सामाजिक समीकरण साधे हैं। आगरा मंडल में फिरोजाबाद जिलाध्यक्ष की घोषणा अभी नहीं की गई है जबकि अलीगढ़ मंडल के अलीगढ़, हाथरस और एटा में भी जिलाध्यक्षों की घोषणा नहीं हो सकी है। दोनों मंडलों के शेष चार जिलों में घोषित किए गए जिलाध्यक्षों में सवर्ण, पिछड़े, दलित और महिला को मौका मिला है।

Mar 16, 2025 - 16:12
 0
भाजपाः आगरा मंडल में एक बाकी, अलीगढ़ मंडल में एक जिलाध्यक्ष घोषित

-मथुरा में निर्भय पांडेय रिपीट, नगर अध्यक्ष पद हरिशंकर राजू यादव को

-ममता सिंह राजपूत मैनपुरी भाजपा की नई जिलाध्यक्ष घोषित की गईं

-फिरोजाबाद जिलाध्यक्ष की घोषणा रुकी, सतीश दिवाकर नगर अध्यक्ष बने

-नीरज शर्मा कासगंज जिलाध्यक्ष, अलीगढ़ जिला-नगर, हाथरस, एटा रोके गए

आगरा जिले के दोनों जिलाध्यक्षों में एक पद जाट समाज के खाते में गया है तो दूसरा वैश्य समाज को मिला है। जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया बनाए गए हैं जबकि आगरा महानगर जिला की कमान राज कुमार गुप्ता को सौंपी गई है।

मथुरा जिले में जिलाध्यक्ष पद पर निर्भय पांडेय को रिपीट किया है। निर्भय पांडेय ही वर्तमान में वहां के जिलाध्यक्ष थे। उन्हें फिर से मौका दिया गया है जबकि मथुरा के महानगर अध्यक्ष पद पर हरिशंकर राजू यादव को बैठाया गया है। इस प्रकार पार्टी ने मथुरा में एक ओर ब्राह्मण समाज तो दूसरी ओर यादव समाज को खुश किया है।

फिरोजाबाद में पार्टी ने जिलाध्यक्ष पद की घोषणा रोक ली है जबकि सतीश दिवाकर को फिरोजाबाद नगर अध्यक्ष बनाकर दिवाकर समाज को इनाम दिया है।

इसी प्रकार आगरा मंडल के मैनपुरी जिले में अध्यक्ष की कमान पिछड़े समाज की श्रीमती ममता सिंह राजपूत को दी गई है। पार्टी ने यहां पिछड़े के साथ महिला कोटे को भी पूरा किया है।

अलीगढ़ मंडल के केवल कासगंज जिले में जिलाध्यक्ष की घोषणा की गई है। पार्टी ने यहां नीरज शर्मा को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। अलीगढ़ मंडल में ब्राह्मण कोटा कासगंज में पूरा किया गया है। इस मंडल में अलीगढ़ जिला, अलीगढ़ महानगर, एटा और हाथरस के अध्यक्ष अभी घोषित नहीं किए गए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor