नामित पार्षदों और सभासदों के नाम आज शाम को फाइनल कर रही भाजपा
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिहाज से आज महानगर और जिला भाजपा की कोर कमेटियों की अहम बैठकें होने जा रही हैं। इन दोनों बैठकों में आगरा नगर निगम और जिले की समस्त नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में नामित होने वाले पार्षदों और सभासदों के नाम तय किए जाने हैं। तय नामों की लिस्ट कल तक प्रदेश भाजपा कार्यालय पर पहुंचाई जानी है।

-महानगर और जिले की कोर कमेटियां आज शाम को तय करने जा रहीं नामित होने वाले पार्षदों व सभासदों के नाम
-आगरा नगर निगम में नामित होने हैं दस पार्षद, जिले की नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में नामित होंगे सभासद
आगरा। आज शाम को महानगर और जिला भाजपा भाजपा के उन कार्यकर्ताओं के नाम फाइनल करने जा रही है जिन्हें नगर निगम और अन्य निकायों में पार्षद और सभासद के रूप में नामित किया जाएगा। जिले की समस्त नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में नामित होने वाले सभासदों के नाम भी तय होने हैं। महानगर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक आज शाम पांच बजे से होनी है। जिला की कोर कमेटी भी आज ही बैठने जा रही है। पार्षद और सभासद पद पर नामित होने वाले कार्यकर्ताओं की सूची कल तक प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचानी है।
निकायों में पार्षदों और सभासदों के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम तय करने के लिए प्रदेश भाजपा ने हर जिले के लिए कोर कमेटी बनाई है। इस कोर कमेटी भाजपा के जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, निवर्तमान जिलाध्यक्ष, प्रदेश एवं क्षेत्र पदाधिकारी (जिले के निवासी), सांसद (लोकसभा एवं राज्यसभा सदस्य), विधायक (एमएलए-एमएलसी), मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष (जिले के निवासी), महापौर, नगर पालिका, नगर पंचायत अध्यक्ष (अपने निकाय में सुझाव हेतु) रखे गए हैं।
आगरा नगर निगम में दस पार्षद शासन द्वारा नामित किए जाते हैं। प्रायः ये पार्षद सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ता ही होते हैं। चूंकि इस समय यूपी में भाजपा की सरकार है, इसलिए आगरा नगर निगम में नामित होने वाले दस पार्षद भाजपा के ही कार्यकर्ता होंगे। ये दस नाम कोर कमेटी को तय करने हैं।
आम तौर पर जो कार्यकर्ता निकाय चुनाव में टिकट से वंचित रह जाते हैं, उनके नाम ही नामित पार्षदों के लिए भेजे जाते हैं। कोर कमेटी में जो लोग शामिल किए गए हैं, उनकी कोशिश होगी कि अपने-अपने समर्थक को पार्षद बनवा दें। यही स्थिति जिले के अन्य निकायों के सभासदों के नाम तय करने में रहनी है।
जिले की नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के लिए नामित होने वाले पार्षदों के लिए भी संगठन के पदाधिकारियों और सांसद-विधायकों के बीच खींचतान चलेगी। कोर कमेटी में जिले के दोनों लोकसभा सदस्य प्रो. एसपी सिंह बघेल व राज कुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन रहेंगे। इसके अलावा महानगर की कोर कमेटी में विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, योगेंद्र उपाध्याय, डॊ. जीएस धर्मेश, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, एमएलसी विजय शिवहरे, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, संगठन प्रभारी और क्षेत्र व प्रदेश के पदाधिकारी आदि रहेंगे।
सांसद राज कुमार चाहर, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य और विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह के चुनाव क्षेत्र आगरा महानगर की सीमा में भी हैं, इसलिए ये भी महानगर की कोर कमेटी में बैठेंगे। अपने अपने क्षेत्र की नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों की कोर कमेटी में भी ये रहेंगे। विधायक चौधरी बाबूलाल, भगवान सिंह कुशवाह, छोटे लाल वर्मा और रानी पक्षालिका सिंह अपने -अपने क्षेत्र की नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के नामित पार्षदों के नाम चयनित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।