aurguru news: राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण कर बोले योगी- ध्यान रखना, बंटोगे तो कटोगे!

आगरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा में राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया। यह प्रतिमा ताजगंज के पुरानी मंडी चौराहे पर स्थापित की गई है।

Aug 26, 2024 - 13:37
Aug 26, 2024 - 17:18
 1  302
aurguru news: राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण कर बोले योगी- ध्यान रखना, बंटोगे तो कटोगे!

उन्होंने कहा कि देश में इस समय विपक्ष की हालत यह है कि वह हिंदू समाज का जातिगत आधार पर विभाजन कराने की कोशिशें कर रहा है। उनकी राजनीति विभाजन कराकर ही फलती-फूलती है। उन्होंने कहा कि ध्यान रखना कि अगर हम बंटेंगे तो कटेंगे। हमें एकजुट रहना है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। हमें एकजुट तो रहना ही है, कठिन परिश्रम कर देश को विकसित राष्ट्रों की पंक्ति में खड़ा करना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि हम यहां नहीं होने देंगे। इसके लिए हमें एकजुट रहना होगा। ध्यान रखना, अगर अब बंटोगे तो फिर कटोगे। उन्होंने कहा कि मुझे राष्ट्रवीर की प्रतिमा के अनावरण का मौका मिला, यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। 10 सालों से यह प्रतिमा मेरा इंतजार कर रही थी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर सरकार सख्त रवैया अपनाये हुए है। किसी भी सूरत में महिलाओं के साथ अपराध करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। 

केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि इस समय आगरा की छह बेटियां इंटरनेशनल स्तर पर खेल रही हैं। मुख्यमंत्री जी से आग्रह है कि आगरा में अंतराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनवा दें। आगरा में बैराज के साथ ही गैर प्रदूषणकारी उद्योग के रूप में इस शहर को आईटी हब के रूप में भी विकसित किए जाने की जरूरत है। क्षेत्रीय विधायक डा. जीएस धर्मेश ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, योगेंद्र उपाध्याय, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति, सांसद राज कुमार चाहर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, चौधरी बाबूलाल, भगवान सिंह कुशवाह, छोटेलाल वर्मा, धर्मपाल सिंह, रानी पक्षालिका सिंह, भाजपा के महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह समेत अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद थे। 
प्रारंभ में कार्यकम में आयोजन समिति की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भव्य स्वागत किया। उनको चांदी का मुकुट पहनाया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रवीर को नमन भी किया। कार्यक्रम स्थल के पास ही स्थापित महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा के समक्ष भी मुख्यमंत्री ने नमन किया। मुख्यमंत्री ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी के प्रति जो श्रद्धा और सम्मान का भाव है यही भारत की ताकत है, उन्होंने कहा कि राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जी की प्रतिमा का अनावरण ऐसे समय हो रहा है जब देश में काकोरी ट्रेन एक्शन की शताब्दी मनाई जा रही है। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor