मामूली बात पर बुजुर्ग की जान ले ली, छह को घायल कर दिया
फतेहाबाद। डौकी थाना क्षेत्र के गेहनू गांव में एक मामूली सी घटना के बाद जिस तरह से एक वृद्ध की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई, उससे यह पता चलता है कि लोगों में सहनशीलता किस कदर खत्म हो चुकी है।

एक एक्सीडेंट में टेम्पो की खिड़की क्षतिग्रस्त होने के छोटे से नुकसान से कुछ लोग इतने बौरा गए कि एक की जान ले ली और कई को अस्पताल पहुंचा दिया। अब ये अभियुक्त टेम्पो को पहुंची क्षति से कहीं ज्यादा बड़ी कीमत अपने किए की चुकाएंगे।
बीते कल की घटना है, जब डौकी थाना क्षेत्र के ग्राम गेहनू निवासी महेंद्र, करुआ पुत्रगढ़ गज सिंह अपने भांजे अंकित के साथ बाइक पर सवार होकर आगरा जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही हरिओम के टेंपो से इनकी बाइक टकरा गई। हरिओम ने अंकित को इसलिए पीटा क्योंकि टेम्पो की खिड़की को नुकसान पहुंचा था। दोनों पक्षों में विवाद हो गया। दोनों ही पक्षों की ओर से थाना डौकी में तहरीर दे दी गई। बाद में समझौता भी हो गया।
शाम को दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। आरोप है कि हरिओम पक्ष के लोगों ने महेंद्र पक्ष पर हमला बोला। महेंद्र पक्ष ने भी जवाबी हमला किया। दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले। इस संघर्ष में गज सिंह पुत्र कीर्ति राम को गंभीर चोटें आईं। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। संघर्ष में छह अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो हमलावर भाग गए। गांव में अभी भी तनाव है, इसलिए पुलिस तैनात कर दी गई है।
बात इतनी सी थी कि बाइक से टकराने के बाद टेम्पो की खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई थी। सहनशीलता होती तो छोटे से नुकसान का मामला आपसी सहमति से निपट सकता था, लेकिन एक पक्ष इतना उग्र हो गया कि एक व्यक्ति की जान ले ली और छह लोग घायल हो गए।