आगरा में आंधी से एमडी जैन कॊलेज में पंडाल गिरा, छह लोग घायल  

आगरा। हरीपर्वत स्थित एमडी जैन इंटर कॊलेज ग्राउंड में चल रहे श्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव में आज रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तेज आंधी की वजह से पंडाल नीचे आ गिरा। इस दुर्घटना में छह लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें संजय प्लेस स्थित अस्पताल पहुंचाया गया है। इस हादसे के बाद कवि सम्मेलन समेत सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिये गये हैं।

Apr 11, 2025 - 21:26
 0
आगरा में आंधी से एमडी जैन कॊलेज में पंडाल गिरा, छह लोग घायल   
आगरा के एमडी जैन इंटर कालेज में शुक्रवार की रात आई आंधी से गिरे पंडाल की कुछ तस्वीरें।

-भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के पुरस्कार वितरण के दौरान हुआ हादसा, कई और लोग भी चुटैल

-पंडाल गिरते समय तमाम लोग भाग कर बाहर आ गए, महोत्सव के सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गये

श्री दिगम्बर जैन परिषद के बैनर तले भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का कार्यक्रम पिछले कई दिन से चल रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को तीसरे दिन भी सुबह से कार्यक्रम चल रहे थे। रात साढ़े आठ बजे के आसपास आई तेज आंधी के दौरान कार्यक्रम स्थल पर पंडाल नीचे आ गिरा। इससे कार्यक्रम में मौजूद लोग दब गये। कार्यक्रम स्थल पर चीख-पुकार मचने लगी। लाइट गायब होने से घुप्प अंधेरा छा गया था।

मौके पर मौजूद लोगों ने अपने स्तर से ही पंडाल के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। छह घायल लोगों को संजय प्लेस स्थित जीजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा भी तमाम अन्य लोगों को चोटें आई हैं।

जिस समय आंधी के कारण पंडाल गिरा, वहां पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम चल रहा था। अचानक पंडाल गिरा तो कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई। लोग भाग कर पंडाल के बाहर आ गए, जिसकी वजह से तमाम लोग सुरक्षित बच गये। जो बाहर नहीं आ पाए, वे चोटिल हो गये।

SP_Singh AURGURU Editor