महाशिवरात्रि के लिए सजे शिवालय
आगरा। महाशिवरात्रि पर शहर के प्रमुख शिवालयों में विशेष उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अब से छह-सात घंटे बाद शिवालयों में शिव पूजन के लिए भक्तों को भीड़ जुटना शुरू हो जाएगी। रात्रि में ही कांवर लेकर पहुंचे

रात से ही कांवड़ यात्रियों का मंदिरों के बाहर जुटना शुरू
भक्तों का मंदिर के बाहर जुटना शुरू हो गया है। शहर के प्रमुख शिवालय राजेश्वर, बल्केश्वरनाथ, मनकामेश्वर, रावली महादेव, पृथ्वीनाथ महादेव और कैलाश महादेव सहित अन्य शिवालयों में महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा अर्चना की तैयारी की गई हैं। शिवालयों पर आकर्षक सजावट की गई है।
शिवालयों में बड़ी संख्या में भक्तों के जुटने के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए हैं। प्रमुख शिवालयों में व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। रात्रि में ही कांवड़ यात्रियों के पहुंचने की वजह से पुलिस बल चौकसी बरत रहा है। साथ ही शहर के अन्य शिवालयों में भी व्यापक तैयारी की गईं हैं।
बल्केश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष उत्सव मनाने के लिए आज पूरे दिन तैयारियां होती रहीं। मंदिर परिसर रोशनी से झिलमिला उठा है। महंत कपिल नागर के अनुसार प्रातः मंदिर के दोनों द्वारों पर जलाधारी लगाकर 12 बजे तक जलाभिषेक कराया जाएगा।
कांवरें भी चढ़ाई जाएगी।
शाम को श्रीराम चौक, कमला नगर से शिव बरात सांय पांच बजे निकाली जाएगी। जिसमें भगवान बल्केश्वरनाथ पालकी में विराजमान होंगे। सभी श्रद्धालु पीले कुर्ता व सफेद पजामा पहने होंगे। बरात में विभिन्न प्रकार के देवी-देवताओं की झांकी होंगी। भूत, प्रेत के स्वरूप भी शामिल होंगे।
शिव बारात विभिन्न मार्गों से होती हुई बल्केश्वर मंदिर पहुंचेगी, जहां उसका स्वागत होगा। मन्दिर मे आकर्षक फूल बंगला सजाया जाएगा। रात्रि में चार भव्य श्रंगार और चार महाआरतियां होंगी। गुरुवार यानि 27 फरवरी को खप्पर पूजन किया जाएगा। उसके बाद शाम तीन बजे से महिला संगीत का आयोजन होगा।
भारी वाहनों की एंट्री बंद
महाशिवरात्रि पर भक्तों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने आज रात 11 बजे से भारी वाहनों की शहर में एंट्री बंद कर दी है। साथ ही यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है।
ग्वालियर की तरफ़ से आने वाले वाहनों को रोहता नहर से रोहता दिगनेर मार्ग से एकता चौकी से तोरा चौकी होते हुए इनर रिंग रोड से निकाला जाएगा। फ़तेहपुरसीकारी की ओर से आने वाले भारी वाहन पथौली नहर से रुनकता होकर जाएंगे। फतेहाबाद शमसाबाद की ओर से आने वाले वाहन ग्वालियर की ओर जाएंगे। जयपुर और दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन पथौली होकर निकलेंगे।
एनएच-19 से होकर आने वाला कोई भी भारी वाहन वाटर वर्क्स चौराहा, सुल्तानगंज की पुलिया, भगवान टॉकीज, खंदारी चौराहा, बोदला आदि से शहर में प्रवेश नहीं करेगा। जयपुर, फिरोजाबाद और ग्वालियर की ओर जाने वाले वाहन दक्षिणी बाईपास से तथा अलीगढ़ जाने वाले वाहन खंदौली के मुड़ी चौराहे से होकर निकलेंगे। यह व्यवस्था कल रात 11 बजे तक लागू रहेगी।