फेक डाक्यूमेंट्स हैं तो परिणाम भुगतिए, चीफ जस्टिस की आगरा कालेज प्रिंसिपल पर टिप्पणी

अपने खिलाफ आगरा में दर्ज हुए मुकदमे में राहत पाने के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय की शरण में पहुंचे आगरा कालेज के प्रिंसिपल डा. अनुराग शुक्ला को मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट से भी झटका लगा है। चीफ जस्टिस ने मामले को तत्काल सुनने से मना कर दिया है। अब पुलिस द्वारा डा. शुक्ला पर शिकंजा कसा जा सकता है।

Oct 4, 2024 - 14:49
Oct 4, 2024 - 15:11
 0  615
फेक डाक्यूमेंट्स हैं तो परिणाम भुगतिए, चीफ जस्टिस की आगरा कालेज प्रिंसिपल पर टिप्पणी

आगरा। आगरा कालेज के प्रिंसिपल डा. अनुराग शुक्ला को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट से भी झटका लगा है। हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने आगरा में डा. शुक्ला के खिलाफ दर्ज मुकदमे की तत्काल सुनवाई से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि इसकी जरूरत नहीं है। मुख्य न्यायाधीश ने इसके साथ यह भी टिप्पणी कि फेक डाक्यूमेंट्स का मामला है, परिणाम भुगतिए। 

प्रिंसिपल डा. शुक्ला को दो दिन में हाईकोर्ट से लगातार दूसरा झटका लगा है। बीते कल न्यायमूर्ति बीके बिरला ने भी इसे क्रानिक फ्राड बताते हुए तत्काल सुनवाई से इंकार कर दिया था। आगरा के सीजेएम के आदेश पर अपने खिलाफ थाना लोहामंडी में दर्ज हुए मुकदमे को खारिज कराने की मांग को लेकर प्रिंसिपल डा. अनुराग शुक्ला ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की हुई है। 

इसी याचिका की वे तत्काल सुनवाई चाहते थे। डा. शुक्ला ने अपनी याचिका में कहा था कि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय उन्हें गिरफ्तार करा सकते हैं, इसलिए उनका मामला तुरंत सुना जाए। 

बीते कल न्यायमूर्ति बीके बिरला द्वारा तत्काल सुनवाई का आग्रह खारिज कर दिए जाने के बाद डा. अनुराग शुक्ला के वकीलों ने आज इसे मुख्य न्यायाधीश की अदालत में प्रस्तुत किया। मुख्य न्यायाधीश ने भी यह पता चलने पर कि डा. अनुराग शुक्ला के नौ डाक्यूमेंट्स फर्जी पाए गए हैं, इस मामले को तुरंत सुनने से इंकार कर दिया। इसके साथ ही मुख्य न्यायाधीश ने यह भी टिप्पणी की कि फेक डाक्यूमेंट्स लगाए हैं तो भुगतिए। अब यह मामला सामान्य प्रक्रिया के तहत सुना जाएगा। 

आगरा कालेज के बोर्ड आफ ट्रस्टीज के सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष दल के प्रार्थना पत्र पर आगरा के सीजेएम ने प्रिंसिपल डा. अनुराग शुक्ला के खिलाफ थाना लोहामंडी पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। यह आदेश होने के कुछ घंटे बाद ही डा. शुक्ला सपरिवार आगरा से कहीं चले गए थे। कालेज सूत्रों की मानें तो तो डा. शुक्ला ने खुद को अवकाश पर दिखाया है। चीफ जस्टिस कोर्ट से भी राहत न मिलने पर थाना लोहामंडी पुलिस अब डा. अनुराग शुक्ला पर शिकंजा कस सकती है। हालांकि अभी वे बाहर हैं। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor