aurguru news : ब्रज में जन्माष्टमी की धूम, बृजवासी आनंदित, मंदिरों में पुरोहित, घरों में आमजन कान्हा के स्वागत की साज—सज्जा में जुटे

बृज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर धूम मची हुई है। मंदिरों से लेकर घरों तक कान्हा के स्वागत की साज—सज्जा चल रही है। मथुरा, वृंदावन से लेकर आगरा अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद तक हर चौराहा, बाजार रोशन है। श्रद्धालु ढोल नगाड़ों, बैंड बाजों की धुन पर आनंदित हो रहे हैं। रविवार को उत्तर प्रदेश तीर्थ विकास परिषद और सांस्कृतिक पर्यटन विभाग द्वारा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर से भव्य शोभायात्रा ढोल नगाड़े के साथ निकाली गई। परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण भी किया गया। वहीं आज सुबह से ही छोटे—बड़े सभी मंदिरों में प्रभु की स्तुति आरंभ हो गई थी।

Aug 26, 2024 - 13:25
Aug 26, 2024 - 20:04
 0  21
aurguru news : ब्रज में जन्माष्टमी की धूम, बृजवासी आनंदित, मंदिरों में पुरोहित, घरों में आमजन कान्हा के स्वागत की साज—सज्जा में जुटे

मथुरा, वृंदावन, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद सहित बृजमंडल में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर, बांके बिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, गीता मंदिर, निधिवन मंदिर, महाविद्या देवी मंदिर, श्री रंगजी मंदिर, श्रीकृष्ण बलराम मंदिर, राधा बल्लभ मंदिर, मदनमोहन मंदिर, आगरा के ईस्कॉन मंदिर, नेहरू नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर , बल्केश्वर मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, कैलाश मंदिर, रावली महादेव मंदिर आदि सहित सभी प्रमुख मंदिरों के साथ ही कॉलोनियों में बने छोटे मंदिरों में सुबह से ही घंटे—घड़ियाल बज रहे हैं। प्रभु के भजन और स्तुति गुणगान हो रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म उत्सव को लेकर चारों तरफ खुशियां बाटी जा रही हैं। मंदिर परिसर में दर्शन करने के लिए दूर दराज से लोगों का आगमन हो रहा है। रविवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ओर सांस्कृतिक पर्यटन विभाग द्वारा शोभायात्रा निकाली गई। अनेक राज्यों से आये कलाकारों ने ढोल नगाड़े बैंड बाजे झांज मजीरा की धुन पर नाचते हुए शोभायात्रा निकाली। आगरा में भी कई जगह शोभायात्रा निकाली गईं। श्रद्धालू भी नाचते हुए नजर आए। हाथी घोड़ा पालकी जय कंहैया लाल की की गूंज हर कहीं सुनाई दे रही है।

आज सुबह से ही घरों में ऐसे तैयारी कर रहे लोग
भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर लोगों में खुशी है। घरों में त्योहार मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कान्हा का स्वागत करने के लिए मंदिर भी सजाए गए हैं और मंदिरों को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। बाजार में दिन भर खरीदारी के लिए लोगाें की भीड़ लगी रही। लोगों ने लड्डू गोपाल के लिए पालना, नए कपड़ों की खूब खरीदारी की। रात में चंद्रोदय के समय लड्डू गोपाल को पंचामृत से स्नाकर कराकर चंदन, फल, फूल, मक्खन, मिश्री, मेवा और मिष्ठान का भोग लगाया जाएगा। 

पोशाक, मुकुट, बांसुरी से पटे बाजार
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर औरगुरू की टीम ने बाजारों का हाल जाना। हर तरफ रौनक है। बाजार मुकुट, मटकी, पोशाक, मिट्टी के खिलौनों व बांसुरी से पटा हुआ है। लोग जमकर खरीददारी कर रहे हैं। इससे दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। करोड़ों के कारोबार की उम्मीद है। बाजार में राधा-कृष्ण की पोशाक झूले मोर पंख मुकुट बांसुरी की जमकर बिक्री हो रही है। ठाकुर जी के लिए मैचिंग की पोशाक और हीरे जड़ित मुकुट पसंद किए जा रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि रक्षाबंधन के बाद राधा-कृष्ण के इस उत्सव को लेकर बाजार झूम उठा है।
बल्केश्वर में दुकानदारों ने बताया कि सबसे अधिक राधा-कृष्ण, लड्डू गोपाल की पोशाक, झूले, मोर पंख, मुकुट, बांसुरी की जमकर बिक्री हो रही है।

शहर का हर चौराहा हुआ रोशन 
जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर पूरे ब्रज में ही आकर्षक सजावट की गई है। मथुरा, वंदावन, बरसाना, आगरा में सभी चौराहे पर रंग बिरंगी लाइटों के साथ-साथ चित्रकारी कर अनोखे तरीके से सजाया गया है। चौराहे जन्माष्टमी बधाई संदेश के साथ होर्डिंग लगे हुए नजर आ रहे हैं। वहीं देश विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन में हो रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए कई जगह मंच तैयार किए गए हैं। राधा कृष्ण की रासलीला नृत्य के साथ भजन गायन के भी कार्यक्रम होंगे।

ब्रज की संस्कृति की झलक
मथुरा से आगरा तक कृष्ण जन्माष्टमी के के पर्व की रौनक चारों ओर देखने को मिल रही है पूरा ब्रजमण्डल अपने आराध्य श्री कृष्ण के जन्म के लिए दुल्हन की तरह सजाया गया है। इसके साथ ही ब्रज के सभी मठ-मंदिरों में भी विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ब्रज की संस्कृति की झलक दिख रही है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
त्योहार को लेकर पुलिस—प्रशासन भी मुस्तैद है। सभी मंदिरों के बाहर और चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात है। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SP_Singh AURGURU Editor