अमेरिकी उप राष्ट्रपति की सीएम योगी करेंगे आगवानी, स्कूलों की रहेगी छुट्टी
आगरा। अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के आगरा दौरे की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। वह कल सुबह साढ़े नौ बजे खेरिया एयरपोर्ट पर उतरेंगे। उनकी आगवानी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे खेरिया एयरपोर्ट आ जाएंगे। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। अमेरिकी उप राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर कल शहरी क्षेत्र के इंटर तक के स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है, जबकि देहात के विद्यालय संचालित रहेंगे।
अमेरिकी उप राष्ट्रपति वेंस कल जयपुर से अपने परिवार के साथ विश्व के अप्रितम सौन्दर्य ताजमहल के दीदार को आगरा आ रहे हैं। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। खेरिया मोड़ से लेकर ताजमहल तक पूरे रास्ते भर पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की भी कड़ी निगरानी रहेगी।
अमेरिकी उप राष्ट्रपति वेंस की आगवानी के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल सुबह 8.30 बजे राजकीय वायुयान से खेरिया सिविल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। नौ बजे तक लाउंज में रुकेंगे और 9.10 बजे एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। यहां पर वह अमेरिकी उप राष्ट्रपति वेंस की आगवानी करेंगे। सुबह 9.35 बजे वापस लखनऊ के लिए उड़ जाएंगे।
अमेरिकी उप राष्ट्रपति की सुरक्षा का आज रिहर्सल किया गया। रास्ते को पूरी तरह से सजा दिया गया है। रास्ते में उनके स्वागत में विभिन्न स्थानों पर स्कूली बच्चों द्वारा भारतीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। करीब पांच हजार से अधिक बच्चे इस कार्य में लगाए गए हैं।
ताजमहल में सुबह 6.30 बजे से ही आम लोगों की एंट्री बंद रहेगी। शिल्पग्राम से लेकर ताजमहल तक के रास्ते पर किसी को भी भटकने नहीं दिया जाएगा। आम लोगों को ताज में प्रवेश दोपहर एक बजे बाद ही मिल सकेगा।