30 सेकेंड में 40 बार धमाके, बरेली में 350 सिलेंडर फटने से तबाह हुआ गैस गोदाम

बरेली में महालक्ष्मी गैस एजेंसी में सिलेंडर फटने से आग लग गई। करीब 350 सिलेंडर फट गए और धमाकों से इलाका दहल उठा। फायर ब्रिगेड और पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आबादी से दूर हादसा होने से किसी की जान नहीं गई।

Mar 24, 2025 - 18:07
 0
30 सेकेंड में 40 बार धमाके, बरेली में 350 सिलेंडर फटने से तबाह हुआ गैस गोदाम


बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में रजऊ परसपुर स्थित महालक्ष्मी गैस एजेंसी में आज दोपहर को सिलेंडर फटने से आग लग गई। आग ने गोदाम को चपेट में ले लिया। तेज धमाकों से इलाका दहल गया। 30-40 सेकेंड में करीब 40 बार ब्लास्ट हुए। बताया जा रहा है कि 350 सिलिंडर फटे हैं।
  
इस धमाके की वजह से आस-पास के लोग सहम गए और सुरक्षित स्थानों की भागने लगे। गनीमत रही कि इसमें किसी जनहानि की सूचना नहीं है। सात लोगों के घायल हो जाने की जानकारी मिली है। फायर ब्रिगेड के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक गोदाम में रखे ज्यादातर सिलेंडर फट चुके थे। धमाकों के साथ फटे सिलिंडरों के टुकड़े कई सौ मीटर दूर तक जाकर खेतों में गिरे। 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आज सिलेंडरों से भरा ट्रक गोदाम पर खड़ा था। ट्रक के केबिन में किसी तरह आग लग गई, जिससे पहले उसमें रखा एक सिलेंडर फट गया। फिर ट्रक और गैस एजेंसी गोदाम में आग लग गई। सिलिंडर फटने से काफी देर तक धमाके होते रहे।

इस घटना से गांव रजऊ परसपुर में दहशत फैल गई। ग्रामीण अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। गांव से बाहर आकर देखा तो पता चला कि गैस गोदाम में धमाके हो रहे हैं। जिस गैस एजेंसी गोदाम में आग लगी है, वह सोमवार को बंद रहती है। गोदाम पर चौकीदार और ट्रक चालक ही थे। दोनों ने भागकर अपनी जान बचाई। हीं गोदाम आबादी से काफी दूर बना है, जिससे जनहानि होने से बच गई। सूचना मिलते ही शहर से अधिकारी मौके पर रवाना हो गए। पुलिस जांच कर रही है।