छत्तीसगढ़ में 30 नक्सली ढेर, बीजापुर में 26 मारे गए, ऑपरेशन है जारी

छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में गुरुवार सुबह से दो मुठभेड़ में 30 नक्सली मारे गए हैं। बीजापुर और कांकेर में हुई मुठभेड़ों से नक्सलियों के शव और हथियार बरामद हुए हैं। एक जवान भी शहीद हुआ है। तीसरी घटना में नारायणपुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर IED ब्लास्ट में दो जवान जख्मी हो गए।

Mar 20, 2025 - 20:21
 0
छत्तीसगढ़ में 30 नक्सली ढेर, बीजापुर में 26 मारे गए, ऑपरेशन है जारी

बीजापुर। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच दो बड़ी मुठभेड़ें हुईं। ये मुठभेड़ें बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर और कांकेर-नारायणपुर सीमा पर हुईं। आज सुबह हुई इन मुठभेड़ों में 30 नक्सली मारे गए। बीजापुर में 26 और कांकेर में 4 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। दुखद बात यह है कि बीजापुर में हुई मुठभेड़ में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) का एक जवान भी शहीद हो गया। बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने कहा कि अभी फायरिंग जारी है।

पुलिस का कहना है कि नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर फोर्स को भेजा गया था। फिलहाल, दोनों तरफ से फायरिंग जारी है और घटनास्थल से नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए जा रहे हैं। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि गुरुवार दोपहर बाद तक दोनों तरफ से फायरिंग जारी थी। पुलिस लगातार नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। मृतकों की संख्या की बढ़ सकती है।

इसके साथ ही मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उनकी पास से बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए हैं। इन हथियारों में अत्याधुनिक हथियार भी हैं। वहीं, मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। इनमें कुछ बड़े नक्सली नेता भी हो सकते हैं एक और घटना में नारायणपुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर आईईडी ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट में दो जवान घायल हो गए। अच्छी बात यह है कि दोनों खतरे से बाहर हैं।

पुलिस को जानकारी मिली थी कि गंगालूर इलाके में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसके बाद दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर पुलिस ने मिलकर एक ऑपरेशन शुरू किया। फोर्स एक दिन पहले ही एंड्री इलाके में पहुंच गई थी। आज सुबह मुठभेड़ शुरू हो गई। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव और दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने बताया कि मुठभेड़ अभी भी जारी है।

पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक 71 से अधिक नक्सली मारे गए हैं। उनसे 290 हथियार भी जब्त किए गए हैं। पिछले साल यानी 2024 में अलग-अलग मुठभेड़ों में लगभग 300 नक्सली मारे गए थे।